Wednesday, May 13, 2026
Newspaper and Magzine


शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने ली जिला सचिवालय में अधिकारियों की बैठक।

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 13, 2026 Tags: , , , ,

कार्य समय पर पूरे हों, अधिकारी खुद करें निगरानी– महिपाल ढांडा

सड़क, सफाई, सीवरेज और शिक्षा परियोजनाओं की हुई व्यापक समीक्षा

उपायुक्त बोले — अधिकारी पूरी तैयारी और सजगता के साथ बैठकों में आएं

मंत्री ने अच्छे रिजल्ट के लिए शिक्षा विभाग को दी बधाई

BOL PANIPAT , 13 मई। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बुधवार को जिला सचिवालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बुधवार को समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया और लंबित परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया और एसपी भूपेंद्र सिंह ने मंत्री का बुके भेंट कर स्वागत किया। बैठक के दौरान मंत्री ने सीएम अनाउंसमेंट तथा अन्य विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से देरी के कारण पूछे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट फोटो सहित नियमित रूप से भेजी जाए।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे होने चाहिए। अधिकारी अपने स्तर पर लगातार समीक्षा करें और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति दें। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं अपने कार्यों की निगरानी करें ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न रहे।
मंत्री महिपाल ढांडा ने निगम क्षेत्र से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए एएसटीपी की वस्तुस्थिति जानी तथा सेक्टर-8 में इसके निर्माण को लेकर चर्चा की। सेक्टर-40 की निकासी व्यवस्था पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। उपायुक्त ने बताया कि विभिन्न विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा सीनियर सिटीजन क्लब का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वार मेमोरियल निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई।
नगर निगम से संबंधित समीक्षा में मंत्री महिपाल ढांडा ने अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए। सेक्टर-18 के पांच पार्कों के कायाकल्प, सेक्टर-8 और सेक्टर-40 में ग्रीन बेल्ट निर्माण तथा सेक्टर-29 के नाले की स्थिति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पार्कों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
मंत्री ने सिंचाई, बागवानी, पब्लिक हेल्थ और टाउन प्लानिंग विभाग के विकास कार्यों की भी समीक्षा की।
उन्होंने ददलाना में एसटीपी तथा सीवरेज से जुड़े एसटीपी प्रोजेक्ट्स की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही नहरों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए ताकि जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने नगर की सफाई व्यवस्था पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकारियों को मुख्य ड्रेन की समुचित योजना बनाकर कार्य करने और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से कदम उठाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी बैठकों में पूरी तैयारी के साथ आएं और अपने कार्यों के प्रति सजग रहें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बैठक में लिए गए निर्णयों का नियमित फॉलोअप किया जाएगा ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि 24 में से 22 सड़कें पूरी हो चुकी हैं। इस पर मंत्री ने शेष कार्य जल्द पूरा करने और सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि ट्रांसफर समस्या का समाधान नहीं है, यदि कार्यों में सुधार नहीं हुआ तो वेतन कटौती तक की कार्रवाई की जा सकती है।
बैठक में कानून व्यवस्था की स्थिति पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में इस बार एफआईआर की संख्या कम दर्ज हुई है तथा अपराध दर में भी गिरावट आई है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में 14 थाने और 9 डीएसपी कार्यरत हैं। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतें कम आएं, यह सुनिश्चित किया जाए तथा कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए।
बैठक में शिक्षा विभाग की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने एसएसए के कार्यों, स्कूलों में शौचालय निर्माण, निपुण और सुपर-40 कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने 10 स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने और उनमें विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। करियर काउंसलिंग और स्किल डेवलपमेंट पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने 10 स्कूलों और 9 आईटीआई संस्थानों को विकसित करने की बात कही।
बैठक में बिजली विभाग की परियोजनाओं और क्षेत्र में एथनॉल के नए प्लांट लगाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के स्टेडियम की स्थिति और विकास कार्यों को लेकर भी समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि आठ स्वास्थ्य परियोजनाओं के फाउंडेशन स्टोन रखे जाने हैं।
बैठक में निगम आयुक्त डॉ. पंकज, अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, सहायक रजिस्ट्रार संदीप खटकर, सीएमओ विजय मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply