Thursday, September 17, 2026
Newspaper and Magzine


शराब ठेके पर हमला कर तोड़फोड़ व लूट के मामले में और दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई पानीपत पुलिस, दोनों को पूछताछ के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 17, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 17 सितंबर : एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस टीम गांव भंडारी स्थित शराब ठेके पर हमला कर तोड़फोड़ व नकदी लूट के मामले में बुधवार को और दो आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। कवि गांव निवासी आरोपी साहिल व भंडारी निवासी विवेक मारपीट के अन्य मामले में पानीपत जेल में बंद थे।

एंटी व्हीकल थेप्ट इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपी उंटला निवासी अंशुल व भंडारी निवासी सोनू के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करन के साथ ही लूटी गई नकदी बरामद करने व वारदात में शामिल फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी अंशुल व सोनू के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 2 बाइक, 2 डंडे व लूटी गई नकदी में बचे 6 हजार रूपए बरामद कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेजा जा चुका है।

यह है मामला
थाना मतलौडा में अदियाना गांव निवासी जसबीर पुत्र ईश्वर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसने गांव भंडारी में वर्ष 2025 से 2027 तक शराब का ठेका लिया हुआ है। वह खुद भी ठेके पर बैठता है और गांव मुआना निवासी जयविंद्र को सेल्समैन रखा हुआ है। 4 अगस्त की शाम करीब 8 बजे जयविंद्र ठेके पर अकेला बैठा था। इसी दौरान साहिल व उसके साथ दो अन्य युवक ठेके पर आए और कम रेट में शराब की बोतल मांगने लगे। निर्धारित रेट से कम पर शराब देने से मना करने पर आरोपियों ने जयविंद्र के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी यह कहते हुए चले गए कि वे अपने साथियों को बुलाकर लाएंगे।
जयविंद्र ने फोन कर उसको घटना की जानकारी दी और ठेके पर आने को कहा। कुछ देर बाद साहिल व उसके साथ आए युवकों के अलावा अमन व विवेक उर्फ कालू निवासी भंडारी, कृष निवासी अदियाना और दो अन्य युवक हथियारों से लैस होकर ठेके पर पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जबरन ठेके में घुसकर हमला कर दिया।
आरोपी अमन ने गंडासी से जयविंद्र पर वार किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया और गंडासी शराब की बोतलों पर जा लगी। जान बचाकर बाहर भागने पर आरोपियों ने उसे घेर लिया और लात-डंडों से मारपीट की। किसी तरह बचकर जयविंद्र खेतों की ओर भाग गया। आरोपियों ने ठेके में जमकर तोड़फोड़ की। शराब की बोतलें और पेटियां तोड़ दीं तथा गल्ले में रखी शराब की बिक्री के करीब 30 हजार रुपए निकाल लिए। इसके अलावा ठेके के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों व डीवीआर को भी तोड़ दिया और डीवीआर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। परिजन घायल जयविंद्र को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पानीपत लेकर पहुंचे। थाना मतलौडा में जसबीर की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments


Leave a Reply