मेधावी विद्यार्थियों के सपनों को पंख देगी डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्र संशोधित योजना
-मेधावी छात्रवृत्ति योजना के लिए 30 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन-उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
-पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिलेगी 8 से 12 हजार रुपए तक छात्रवृत्ति
-आर्थिक बाधा नहीं बनेगी शिक्षा में रुकावट, पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा छात्रवृत्ति का लाभ
BOL PANIPAT , 20 सितंबर। मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय विभाग द्वारा डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्र संशोधित योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करने पर 8 हजार से 12 हजार रूपए तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। पात्र छात्र-छात्राएं योजना का लाभ लेने के लिए 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देकर उन्हें अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। सरकार की यह योजना प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए आर्थिक सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे योग्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढऩे का अवसर मिलता है।
उपायुक्त ने बताया कि योजना के तहत अनुसूचित जाति, विमुक्त जाति, डीएनटी तथा टपरीवास जाति के विद्यार्थियों को निर्धारित अंकों के आधार पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। 10वीं कक्षा में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए 60 प्रतिशत तथा शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए 70 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। इसी प्रकार 12वीं कक्षा में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए 70 प्रतिशत और शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए 75 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। अगली कक्षा में प्रवेश लेना भी आवश्यक है। स्नातक स्तर पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए 60 प्रतिशत तथा शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए 65 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। पात्र विद्यार्थियों को 8 से 12 हजार रूपए तक की छात्रवृत्ति दी जाती है।
उपायुक्त ने बताया कि पिछड़ा वर्ग ब्लॉक-ए के विद्यार्थियों के लिए 10वीं कक्षा में ग्रामीण क्षेत्र से 60 प्रतिशत तथा शहरी क्षेत्र से 70 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं पिछड़ा वर्ग ब्लॉक-बी और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 10वीं कक्षा में ग्रामीण क्षेत्र से 75 प्रतिशत तथा शहरी क्षेत्र से 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक है। साथ ही विद्यार्थी का अगली कक्षा में प्रवेश होना चाहिए। विदित रहे कि पात्र विद्यार्थियों को योजना के तहत 8 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक कारण किसी भी प्रतिभावान विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बनें। डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्र संशोधित योजना इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए मेहनती और मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक संबल प्रदान करती है। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से आह्वान किया कि वे योजना की पात्रता की जांच कर 30 नवंबर की निर्धारित समय सीमा से पहले ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि योग्य विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय पर मिल सके।

Comments