पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता: एसडीएम अमित कुमार
सेवा संकल्प अभियान के तहत समालखा में लगा शिकायत निवारण कैंप, 135 लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान
आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत, सेवा संकल्प कैंप में सुनी गईं समस्याएं
लाडो लक्ष्मी से पेंशन और बीपीएल कार्ड तक पहुंचीं शिकायतें, अधिकारियों ने मौके पर शुरू की कार्रवाई
BOL PANIPAT , 21 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को समालखा नगर परिषद कार्यालय में विशेष शिकायत निवारण कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में एसडीएम समालखा अमित कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
कैंप में करीब 135 लोगों की शिकायतों का समाधान किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने लाडो लक्ष्मी योजना, पेंशन बनवाने, आधार कार्ड अपडेट करवाने, बीपीएल कार्ड बनवाने, पक्के मकान बनवाने, विवाह शगुन योजना तथा डॉ. बी.आर. अंबेडकर छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
एसडीएम अमित कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के बीच लेकर जाना और पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंप में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के जरूरतमंद और पात्र लोगों के लिए हैं। इसलिए अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिकायत निवारण कैंपों के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। प्रशासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहा है और मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों में मौके पर समाधान संभव है, उनका तुरंत निपटारा किया जाए तथा जिन शिकायतों में विभागीय प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है, उनमें भी नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि वे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं। प्रशासन का प्रयास है कि पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। कैंप में समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड, तहसीलदार विनती देवी, बीडीपीओ समालखा, पीओ सिमरन, डीसीडब्ल्यू रीतू राठी, रेडक्रॉस से प्रोजेक्ट अधिकारी सुदेश, उपमंडल कल्याण अधिकारी होशियार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments