रचनात्मक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ रहा सेवा संकल्प अभियान: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
सेवा संकल्प अभियान से विद्यार्थियों में सेवा, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना होगी मजबूत
15 हजार विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग व भाषण प्रतियोगिताओं में लिया भाग
स्कूली स्तर पर प्रतिभाओं को मंच देने के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत 452 स्कूलों में प्रतियोगिताएं
BOL PANIPAT , 21सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों को सेवा, सहयोग, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी की भावना से जोडऩे के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिले के 452 स्कूलों में पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 15,945 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोडऩा इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पोस्टर निर्माण और भाषण जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी अपने विचारों को रचनात्मक ढंग से व्यक्त करते हैं और समाजहित से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक भी होते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों में बचपन से ही सेवा, सहयोग, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। स्कूलों में आयोजित की जा रही गतिविधियां इस दिशा में सकारात्मक भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने आसपास के लोगों को भी सामाजिक कार्यों के प्रति जागरूक करें और सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का व्यापक रूप दें।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ सामाजिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना से जोडऩा है।
डीईओ ने कहा कि स्कूलों में विद्यार्थियों को सेवा, सहयोग और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों के आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और रचनात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूलों का आभार व्यक्त किया।

Comments