रास्ता रोककर दो भाइयों से मारपीट व लूटपाट करने मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार. 2 दिन के पुलिस रिमांड पर.
BOL PANIPAT , 21 सितंबर: सीआईए थ्री पुलिस ने विकास नगर में दो सगे भाइयों का रास्ता रोककर मारपीट करने और उनसे नकदी लूटने के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को रविवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विकास नगर निवासी गौरव के रूप में हुई है।

सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपियों विकास नगर निवासी वंश व हर्ष उर्फ गोलू तथा फरार अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने सोमवार को आरोपी गौरव को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से लूटा गया मोबाइल फोन व नकदी बरामद करने और फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।
मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके दो आरोपियों वंश व हर्ष के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बाइक बरामद कर दोनों आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में दोनों आरोपियों से खुलासा हुआ था कि कुछ दिन पहले आर्यन की गौरव के साथ वीटा बूथ के पैसों के लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते उन्होंने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में विकास नगर निवासी आर्यन पुत्र कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके भाई लवि का काफी समय पहले साहिल निवासी बिझौल व उसके साथियों के साथ झगड़ा हुआ था। इसी बात की रंजिश साहिल रखता था।
25 मई की शाम करीब 10 बजे वह अपने भाई अंश के साथ बाइक पर विकास नगर की गली नंबर-2 से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर साहिल पुत्र सुरेंद्र, नितिन निवासी बिझौल तथा गौरव, विकास, हर्ष, वंश और जतिन निवासी विकास नगर वहां पहुचें और रास्ता रोककर उन दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों के पास डंडे और अन्य हथियार थे,आरोपी जतिन के हाथ में चाकू था। मारपीट के दौरान आरोपी गौरव और वंश ने मोबाइल से वीडियो भी बनाई। आरोपी उन्हें मारपीट करते हुए कह रहे थे कि मनीष के साथ झगड़ा किया था, यह उसी का अंजाम है।
आरोपियों ने उन दोनों भाइयों और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी साहिल ने हरिद्वार जाने का खर्च भी उनसे ही निकालने की बात कहते हुए डराया और उसकी जेब से पर्स जबरदस्ती छीन लिया। पर्स में करीब 4,200 रुपए, आधार कार्ड और बाइक की आरसी थी।
शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपी उन्हें देख हथियारों समेत बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। आर्यन की शिकायत पर थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में लूट सहित संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments