पूरेवाल कॉलोनी से अपहृत 5 वर्षीय बच्चे को पानीपत पुलिस ने सकुशल बरामद किया
दो आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली जीटी रोड नरेला बाइपास से किया काबू
BOL PANIPAT , 22 सितंबर: पानीपत पुलिस ने तत्परता, तकनीकी साक्ष्यों, मजबूत सूचना तंत्र और बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए पूरेवाल कॉलोनी से अपहृत 5 वर्षीय बच्चे को आरोपियों के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया । पकड़े गए दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इनमें से एक आरोपी पिछले करीब 5 माह से पानीपत के डाहर गांव में किराये का कमरा लेकर रह रहा था। आरोपियों ने बेचने के लिए बच्चे का अपहरण किया था।
पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस ने मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि गत 15 सितंबर की देर शाम थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत पूरेवाल कॉलोनी में पिता की रेहड़ी के पास खेल रहे 5 वर्षीय बच्चे के अपहरण की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस सहित सीआईए की तीनों टीमें मौके पर पहुंचीं और बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की विभिन्न पुलिस टीमों को तत्काल सक्रिय किया गया। बच्चे की तलाश एवं मामले की जांच की जिम्मेदारी सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र की टीम को सौंपी गई। टीम दिन-रात बच्चे की तलाश में जुटी रही। करीब 30 पुलिसकर्मियों की टीम ने आसपास के क्षेत्र तथा घटनास्थल से निकलने वाले मार्गों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
एसपी मेधा भूषण आईपीएस ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मजबूत सूचना तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाते हुए एक-एक कड़ी को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास जारी रखे। तकनीकी विश्लेषण एवं सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। सीआईए-1 पुलिस टीम ने 21 सितंबर सोमवार शाम दिल्ली जीटी रोड नरेला बाइपास से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शंकर लाल निवासी भरगवा, शाहजहांपुर, हाल किरायेदार डाहर, पानीपत तथा समरतंज्य उर्फ सूरज निवासी जयपालपुर, सीतापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। दोनों के खिलाफ यूपी में चोरी का एक-एक मामला दर्ज है और दोनों की एक-दूसरे से जान पहचान थी ।
आरोपी शंकर लाल करीब पांच माह पहले काम के सिलसिले में पानीपत आया था और डाहर गांव में किराये का कमरा लेकर पत्नी व बच्चों के साथ रह रहा था। पूछताछ में सामने आया कि कुछ दिन पहले आरोपी सूरज ने शंकर से कोई छोटा बच्चा उठाकर लखनऊ लेकर आने की बात कही और इसके बदले एक लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया। सूरज ने उसे बताया था कि उसने आगे बच्चे को बेचने की बात की हुई है।
15 सितंबर को आरोपी शंकर दोपहर बाद पूरेवाल कॉलोनी में पहुंचा। जहा करीब दो-तीन घंटे कॉलोनी में घूमता रहा। इसी दौरान साय के समय उसकी खेल रहे बच्चे पर नजर पड़ी। आरोपी ने मौका पाकर बच्चे को समोसा खिलाने का लालच दिया और उसे गोद में उठाकर ले गया। आरोपी सिवाह बस अड्डे के बाहर से दिल्ली की बस में सवार होकर बच्चे को लेकर लखनऊ में साथी आरोपी सूरज के पास पहुंच गया। 21 सितंबर को दोनों आरोपी बच्चे को साथ लेकर लखनऊ से दिल्ली आए थे।
एसपी मेधा भूषण आईपीएस ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाएगी कि बच्चा आगे किसे बेचने की योजना थी और इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल थे।
उन्होंने कहा कि अपराधियों को यह स्पष्ट संदेश है कि कानून से बचना संभव नहीं है। बच्चों, महिलाओं एवं आम नागरिकों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ पानीपत पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी। पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अपराधियों को शीघ्र कानून के कठघरे तक पहुंचाना है।
एसपी मेधा भूषण आईपीएस ने इस मामले में पुलिस का सहयोग करने पर आमजन का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया की बच्चे की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगालने में आमजन के खुलकर पुलिस की मदद की। आगे भी पानीपत पुलिस आमजन से इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा करती है।
यह है मामला;
थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र में पूरेवाल कॉलोनी निवासी महिला फिरदौस ने 15 सितंबर को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके 5 बच्चे हैं। उसका पति मीट की रेहड़ी लगाता है। उसका सबसे छोटा 5 वर्षीय बेटा शाम करीब 7:30 बजे पिता की रेहड़ी के पास खेल रहा था। करीब 20-25 मिनट बाद जब उसने देखा तो बेटा वहां गायब मिला। आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके बेटे का अपहरण कर लिया है। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र में पीड़ित महिला की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच एवं आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments