Saturday, September 26, 2026
Newspaper and Magzine


हुड़दंग करने वालों पर पानीपत पुलिस की सख्ती, दो अलग-अलग स्थानों पर हुड़दंग करते मिले 10 आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 26, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 26 सितंबर: पानीपत पुलिस द्वारा जिले में कानून एवं व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने और शांति भंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार देर शाम मॉडल टाउन व थाना पुराना औद्योगिक पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर हुड़दंग करते मिले 10 आरोपियों को काबू किया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ थानों में नियमानुसार अभियोग दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार शाम को थाना मॉडल टाउन पुलिस की टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि देशवाल चौक नहर बाईपास पर शराब के ठेके के समीप 5-6 लोग शराब पीकर आपस में गुत्थम-गुत्था होकर हुड़दंग मचा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हुड़दंगबाजी कर रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान दीवान सिंह निवासी गिरगडी तली, नैनीताल उत्तराखंड, हाल किरायेदार जाटल रोड देशवाल चौक, अर्जुन निवासी जाटल रोड एकता कॉलोनी, सुधीर निवासी कौरबथा समस्तीपुर बिहार हाल किरायेदार पीपल वाली गली नंबर 9, संदीप निवासी बिंझौल, मनोज निवासी लोकेश अरथा मध्यपुरा बिहार हाल किरायेदार देशवाल चौक व प्रेमचंद निवासी गढ़िया कन्नौर उत्तर प्रदेश हाल किरायेदार जाटल रोड देशवाल चौक के रूप में हुई। आरोपियों के खिलाफ थाने में अभियोग दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई।

इसी प्रकार, थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस टीम ने शनिवार शाम पीपल मंडी कच्चा कैंप में एक दुकान के सामने सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग कर रहे 4 आरोपियों को काबू किया। आरोपियों की पहचान सुनील निवासी दीवान नगर, सोहनलाल निवासी रामपुरा कॉलोनी, संदीप निवासी भारत नगर व मोहित निवासी हरिनगर के रूप में हुई। आरोपियों के खिलाफ थाने में अभियोग दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई।

डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, आमजन को परेशान करने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पानीपत पुलिस का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना तथा प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि बाजारों, रिहायशी इलाकों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिदिन शाम के समय पुलिस द्वारा पैदल गश्त की जा रही है। इस दौरान पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ले रहे हैं। असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Comments


Leave a Reply