एनएसएस स्वयंसेवकों ने लिया समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान का संकल्प
एनएसएस स्वयंसेवकों ने लिया समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान का संकल्प
सेवा भावना के साथ समाजहित में अपनी ऊर्जा और क्षमताओं का उपयोग करें स्वयंसेवक: डॉ. शिवम धवन
BOL PANIPAT , 28 सितंबर। डी.बी.जी. राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत सत्र 2026-27 के स्वयंसेवकों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम का सोमवार को आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पूरे वर्ष आयोजित होने वाली एनएसएस की विभिन्न गतिविधियों, सामाजिक दायित्वों तथा जनसेवा से संबंधित कार्यों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुभाष चंद जागलान के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिवम धवन ने स्वयंसेवकों को पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि समाज के लिए जितना अच्छा कार्य किया जाए, वह भी कम है। प्रत्येक स्वयंसेवक को अपनी ऊर्जा और क्षमताओं का सकारात्मक उपयोग समाजहित में करना चाहिए। एनएसएस विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान सभी एनएसएस स्वयंसेवकों का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाया गया। साथ ही विद्यार्थियों को विकसित भारत युवा संवाद प्रश्नोत्तरी में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। सभी स्वयंसेवकों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सडक़ सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता विषय पर संक्षिप्त जागरूकता व्याख्यान भी दिया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। हिंदी विभाग की वंदना, जो एनएसएस समिति की सदस्य भी हैं, ने विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा नियमों के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और छोटी-सी सावधानी सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इस दौरान सुश्री वंदना ने सभी एनएसएस स्वयंसेवकों को सडक़ सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन हिंदी विभाग के विकास ने किया। इस अवसर पर एनएसएस समिति के सदस्य संदीप कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी एनएसएस स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह, ऊर्जा और सक्रियता के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन सेवा, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

Comments