Tuesday, September 29, 2026
Newspaper and Magzine


एक ही छत के नीचे कई विभागों की सुविधाएं, लोगों को मिला सीधा लाभ:  निगम संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 29, 2026 Tags: , , , , , ,

सेतु शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान, 206 नागरिकों ने दर्ज कराई शिकायतें

BOL PANIPAT , 29 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे सेतु शिविरों में आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। मंगलवार को इसी कड़ी में नगर निगम कार्यालय में सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 206 नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कराईं। इस दौरान पेंशन विभाग, क्रेडिट विभाग, लाडो लक्ष्मी योजना सहित अन्य जरूरी विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया गया।

शिविर में पहुंची नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी ने कहा कि सेतु शिविर का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सेतु शिविर जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच है। शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जा रहा है और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

मनी त्यागी ने कहा कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिक इन शिविरों में पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज कराने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और पात्रता संबंधी जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं तथा उनकी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

सेतु शिविर में पेंशन, क्रेडिट, लाडो लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों को लेकर नागरिक पहुंचे। विभागीय स्टॉलों पर मौजूद कर्मचारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें संबंधित प्रक्रिया एवं योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

Comments


Leave a Reply