Saturday, October 3, 2026
Newspaper and Magzine


शतरंज में देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय की महिला टीम का दबदबा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 30, 2026 Tags: , , , ,

महिला शतरंज टीम ने लगातार दूसरी बार जीता स्वर्ण पदक

लगातार शानदार प्रदर्शन से महाविद्यालय का नाम किया रोशन

स्वर्णिम प्रदर्शन के साथ अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान

BOL PANIPAT , 30 सितंबर। देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय की महिला शतरंज टीम ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर-महाविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।

महिला शतरंज टीम में मुस्कान, रीना, पिंकी, प्रिया, आँचल एवं सुप्रिया ने प्रतिभागिता की। टीम के प्रशिक्षक एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि 29 सितंबर को आयोजित प्रतियोगिता के नॉकआउट मुकाबले में टीम ने पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय, करनाल को 4-0 से पराजित किया। इसके पश्चात लीग मुकाबलों में खालसा महाविद्यालय, यमुनानगर तथा सनातन धर्म स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पानीपत को 4-0 से और आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पानीपत को 3-1 से हराकर टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

टीम की खिलाड़ी मुस्कान, रीना एवं आँचल ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया।

    महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाष चन्द्र जागलान ने विजेता खिलाडिय़ों का स्वागत करते हुए उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों की निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय की महिला शतरंज टीम पिछले तीन वर्षों से लगातार पदक प्राप्त कर रही है।

इस अवसर पर खेल प्रकोष्ठ प्रभारी  दलबीर देशवाल ने सभी खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. नरेश ढांडा ने भी खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। शतरंज टीम के साथ डॉ. शिवम धवन एवं डॉ. रेणु यादव का योगदान भी सराहनीय रहा। पुरुष वर्ग में भी महाविद्यालय की शतरंज टीम ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। महिला शतरंज टीम की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने खिलाडिय़ों को बधाई दी और अंतर- विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाए प्रेषित की।

Comments


Leave a Reply