हर शिकायत का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे
एडीसी अंकित चोकसे की सख्ती,जन शिकायतों के निपटारे में नहीं होगी कोई देरी
शिकायतों पर तुरंत संज्ञान, प्रशासन ने दिखाई जवाबदेही की मजबूत मिसाल
जनता की समस्याओं पर प्रशासन गंभीर, समाधान शिविर बना उम्मीद का केंद्र
BOL PANIPAT , 2 अप्रैल। राज्य सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम जनता समाधान शिविर में गुरुवार को प्रशासनिक सक्रियता और जवाबदेही का सशक्त प्रदर्शन देखने को मिला। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने ड्यूटी संभालने के बाद दूसरे दिन जन शिकायतों की गंभीरता से सुनवाई की और स्पष्ट संदेश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से आए शिकायतकर्ताओं ने कुल 21 शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। हर शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान एडीसी अंकित चौकसेे ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े और हर शिकायत का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही प्रशासन की सबसे बड़ी ताकत है, और इस विश्वास को बनाए रखना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। हर शिकायत का समाधान तय समय सीमा में होगा, इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिविर में आई प्रमुख शिकायतों में नंद विहार कॉलोनी के निवासियों ने गली में पानी की व्यवस्था में सुधार करने की मांग रखी। इस पर संबंधित विभाग को तुरंत निरीक्षण कर स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए गए। वहीं, खोतपुरा निवासी अमित कुमार ने राशन कार्ड बनवाने का अनुरोध किया, जिस पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए गए। एक अन्य मामले में प्रार्थी यशपाल ने जीटी रोड के पास सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे को हटाने की मांग रखी, जिस पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
शिविर में सीईओ डॉ. किरण ने शिविर की प्रभावशीलता पर जोर देते हुए कहा, जनता समाधान शिविर केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि समाधान सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमारी कोशिश है कि हर व्यक्ति को न्याय और सुविधा समय पर मिले। हम पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रहे हैं, ताकि आमजन को प्रशासन पर पूरा भरोसा रहे।
डीडीपीओ राजेश शर्मा ने ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए कहा, गांवों के समग्र विकास के लिए हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान जरूरी है। पंचायत स्तर पर आने वाली समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि मूलभूत सुविधाएं हर गांव तक पहुंचे और किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना न करना पड़े।
डीएसपी सतीश वत्स ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा, अवैध कब्जे, अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सतर्क है। किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है और शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें चीफ इंजीनियर रमेश बागड़ी, डीएचओ संदीप, एलडीएम राजकुमार, डॉक्टर प्रज्ञा (ईएसई), डॉ. अमित और सीडीओ राधे श्याम गुप्ता सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से लिया और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि जनता समाधान शिविर में प्रशासन की सक्रियता और तत्परता ने यह स्पष्ट कर दिया कि सरकार और प्रशासन आम जनता की समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील हैं। इस तरह के शिविर न केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम बन रहे हैं, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी भी स्थापित कर रहे हैं।

Comments