पानीपत में कला शिक्षा को नई उड़ान: हरियाणा के पहले जिला आर्ट रूम का शुभारंभ
रचनात्मक प्रतिभाओं को मिलेगा स्थायी मंच।
BOL PANIPAT, 30 सितंबर। बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने डिस्ट्रिक्ट आर्ट रूम का उद्घाटन किया और इसके लिए जिला कोऑर्डिनेटर संदीप रत्तेवाल की खुले मन से प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि संदीप रत्तेवाल की यह पहल विद्यार्थियों एवं कला से जुड़े शिक्षकों को एक ऐसा सृजनात्मक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जहां कला, प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मक सोच को निरंतर प्रोत्साहन मिलेगा।
डिस्ट्रिक्ट आर्ट रूम के संस्थापक सन्दीप रत्तेवाल एवं उनकी समर्पित टीम द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों को जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा के मार्गदर्शन एवं सहयोग से साकार रूप मिला। इस अवसर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नीलम कुंडु, खंड शिक्षा अधिकारी जयपाल सरोहा, गौरव गोयल, करण सिंह पूनिया, नरेंद्र मान, प्राचार्य सहित शिक्षा विभाग एवं कला क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नीलम कुंडू ने डिस्ट्रिक्ट आर्ट रूम की स्थापना के लिए सन्दीप रत्तेवाल एवं उनकी पूरी टीम द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों में छिपी कला प्रतिभा को पहचानने, उसे निखारने और उचित मंच प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने टीम को इस अभिनव पहल के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि डिस्ट्रिक्ट आर्ट रूम भविष्य में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए कला एवं रचनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
हरियाणा में अपनी तरह की पहली पहल
गौरतलब है कि पानीपत का डिस्ट्रिक्ट आर्ट रूम पूरे हरियाणा में अपनी तरह की पहली पहल के रूप में स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य केवल कला गतिविधियों के लिए एक स्थान उपलब्ध करवाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और शिक्षकों में सृजनात्मकता, कल्पनाशीलता, सौंदर्यबोध, नवाचार एवं कलात्मक अभिव्यक्ति को विकसित करने के लिए एक स्थायी मंच तैयार करना है।
डिस्ट्रिक्ट आर्ट रूम में विद्यार्थियों को चित्रकला, पेंटिंग, स्केचिंग, पोस्टर मेकिंग, रंगोली, रचनात्मक कला तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं कलात्मक गतिविधियों के लिए प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही, यह केंद्र कला प्रतिभाओं की पहचान, उनके संवर्धन और उन्हें बड़े मंचों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कल्पना से सृजन और सृजन से पहचान की ओर नया कदम
इस पहल को साकार करने में डिस्ट्रिक्ट आर्ट रूम की टीम के शिक्षक साथियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। टीम में सन्दीप रत्तेवाल, डॉ. सुधीर शर्मा, वेद प्रकाश,रणदीप खोखर,गीतू, दीक्षा, सन्दीप हड़तारी, अनिल कुमार, दीपक कुमार, अमित जाटल, रितु रत्तेवाल, रेखा, नवीन कुमार, अभिषेक बसु, मदन कुमार, महावीर सिंह, सन्दीप उझा, रमन, गुंजन सहित अन्य अध्यापक साथी सदस्य शामिल रहे हैं।
यह आर्ट रूम पानीपत के विद्यार्थियों के लिए कल्पना से सृजन और सृजन से पहचान की दिशा में एक नया अध्याय है। यह पहल कला शिक्षा को नई दिशा देने के साथ-साथ विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें अपनी कला के माध्यम से आगे बढऩे का अवसर प्रदान करेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने डिस्ट्रिक्ट आर्ट रूम की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को सही मंच और उचित मार्गदर्शन मिले तो वे अपनी रचनात्मक क्षमता से जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह आर्ट रूम विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और कला शिक्षा को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Comments