हर शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश, शिकायतों के निपटारे में देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं
BOL PANIPAT , 1 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व और उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में सप्ताह में दो दिन आयोजित होने वाला जनता समाधान शिविर आमजन के लिए राहत का प्रभावी माध्यम साबित हो रहा है। नागरिक अपनी समस्याओं को खुलकर प्रशासन के समक्ष रख रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।
जिला सचिवालय सभागार में वीरवार को आयोजित जनता समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 15 शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार समाधान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि आमजन अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर प्रशासन के पास पहुंचता है। ऐसे में प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ लेते हुए उसका त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने के बजाय उनके समाधान के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि जनता समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरल और सुलभ मंच उपलब्ध करवाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि जनता समाधान शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभाग तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करवाते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आमजन को अपनी समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस उप अधीक्षक विकास चहल ने कहा कि कानून व्यवस्था और पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा पुलिस से संबंधित शिकायतों का निष्पक्ष एवं त्वरित निपटारा करना पुलिस विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
वीरवार को आयोजित जनता समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने प्रत्येक शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए नियमानुसार उनका समाधान सुनिश्चित करें और शिकायतकर्ता को राहत पहुंचाएं। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट टीनू पोसवालके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments