स्वच्छता को दैनिक आदतों और संस्कारों में शामिल करें: जिला अग्रणी प्रबंधक जितेन्द्र
स्वच्छता अभियान में बैंक अधिकारियों और 70 प्रशिक्षणार्थियों ने संभाली सफाई की कमान
BOL PANIPAT , 1 अक्टूबर। ‘स्वच्छता ही सेवा’ मिशन के अंतर्गत वीरवार को पंजाब नेशनल बैंक और ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत आरसेटी संस्थान के पूरे परिसर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में जिला अग्रणी प्रबंधक जितेन्द्र और ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक दिलबाग सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। बैंक अधिकारियों ने हाथों में झाड़ू थामकर अभियान की शुरुआत की और उपस्थित लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान को सफल बनाने में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के सहायक अनिल मलिक, सहायक राजकुमार कादियान और दीवाना गांव से आए प्रबुद्ध नागरिक रामेश्वर ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में संस्थान में आत्मनिर्भर बनने का हुनर सीख रहे विभिन्न ट्रेडों के लगभग 70 प्रशिक्षणार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ स्वच्छता अभियान में बढ़-चढक़र भाग लिया और परिसर को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अग्रणी प्रबंधक जितेन्द्र ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का औपचारिक कार्य नहीं है, बल्कि इसे दैनिक आदतों और संस्कारों में शामिल किया जाना चाहिए। जब तक हर नागरिक स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं होगा, तब तक पूर्ण स्वच्छता का सपना साकार नहीं हो सकता।
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक दिलबाग सिंह ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और प्रगतिशील समाज के लिए स्वच्छ वातावरण अनिवार्य है। स्वरोजगार के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी संस्थान का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर सहायक अनिल मलिक ने कविता के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। कविता के माध्यम से उन्होंने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों और अधिकारियों को अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षणार्थियों ने अपने आसपास के परिवेश को हमेशा साफ-सुथरा रखने की शपथ ली।

Comments