राजकीय आईटीआई में भाषण प्रतियोगिता, प्रशिक्षुओं ने सत्य-अहिंसा और ‘जय जवान, जय किसान’ पर रखे विचार
BOL PANIPAT , 2 अक्टूबर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में संस्थान के प्रांगण में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं को दोनों महान देशभक्तों के जीवन मूल्यों, सत्य, अहिंसा, सादगी, आत्मनिर्भरता, निष्ठा और राष्ट्र सेवा के संदेशों से प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के उप प्रधानाचार्य विवेक रोहिल्ला, एपीओ अजय कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ वर्ग अनुदेशकों द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षुओं ने ‘गांधीजी के सत्य-अहिंसा के सिद्धांत’ तथा ‘शास्त्री जी का जय जवान, जय किसान नारा और आज के युवा’ जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान को रेखांकित करते हुए उनके आदर्शों को वर्तमान समय में प्रासंगिक बताया।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी प्रशिक्षुओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
संस्थान के उप प्रधानाचार्य विवेक रोहिल्ला ने अपने अध्यक्षीय भाषण में युवाओं से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन एवं कार्यक्षेत्र में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सत्य, अनुशासन, सादगी, निष्ठा और राष्ट्र सेवा जैसे मूल्य युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं से इन महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

Comments