33 किलो 480 ग्राम गांजा तस्करी मामले में सप्लायर ओडिशा के रायगड़ा से गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 02 अक्तूबर। पानीपत पुलिस नशा तस्करों को काबू कर तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने 33 किलो 480 ग्राम गांजा तस्करी के मामले में सप्लायर को ओडिशा के रायगड़ा से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान संजीवा पुत्र कृष्णा निवासी ललीता नगर जिला पूर्व गोदावरी आंध्र प्रदेश, हाल किरायेदार कस्तूरी नगर रायगड़ा ओडिशा के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम ने बीती 23 सितंबर को आरोपी सोनू पुत्र सुरेश निवासी देव नगर काबड़ी रोड को टीडीआई फ्लाईओवर के नजदीक गोल चक्कर के पास 33 किलो 480 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि वह नशा करने का आदी है। अपनी नशे की लत पूरी करने और शॉर्टकट तरीके से मोटे पैसे कमाने के लिए उसने उक्त गांजा कुछ दिन पहले ओडिशा के रायगड़ा निवासी संजीवा से कम कीमत पर खरीदना स्वीकार किया था।
आरोपी सोनू के खिलाफ थाना सेक्टर 13/17 में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश कर जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सप्लायर की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पुलिस ने बीती 30 सितंबर को आरोपी संजीवा को ओडिशा के रायगड़ा से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने सोनू को गांजा बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को रायगड़ा स्थित माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 4 दिन के राहदारी रिमांड पर हासिल कर पानीपत लेकर आई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एक कोरियर कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम करता है। करीब 6 माह पहले एक युवक के माध्यम से उसकी पानीपत निवासी सोनू से जान-पहचान हुई थी। बाद में उसकी सोनू से वॉट्सऐप पर बातचीत होती रहती थी। युवक के साथ मिलीभगत कर वह कोरियर के माध्यम से अवैध रूप से मादक पदार्थ भेजता था। इसके एवज में वह उससे अधिक पैसे लेता था। युवक ने कुछ दिन पहले गांजा की पैकिंग कर पार्सल बनाकर भेजा था। सोनू के कहने पर उसने वह पार्सल 3 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से पानीपत में उसके द्वारा दिए गए पते पर भेजा था।
पुलिस ने शुक्रवार को पूछताछ के बाद आरोपी संजीवा को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। साथ ही पुलिस ने नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े फरार आरोपी की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।

Comments