नकली सोने को असली बताकर ठगी करने वाले गिरोह की एक महिला सहित चार आरोपी गिरफ्तार. ठगी गई राशि में से 5 लाख 53 हजार रूपए बरामद.
BOL PANIPAT : 14 जून 2025, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए थाना शहर पुलिस ने नकली सोना को असली बताकर आधे रेट में बेचने का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर गिरोह की एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी गई राशि में से 5 लाख 53 हजार रूपए बरामद किए है।
आरोपियों की पहचान गांव कुवाड़ी फरशाही जिला पूर्णिया बिहार हाल किरायेदार जठेड़ी सोनीपत निवासी मोहन मल्लाह, उसकी पत्नी आरोपी सरिवा, गांव बिशनपुर दत्त जिला पूर्णिया बिहाल हाल किरायेदार जठेड़ी निवासी जागन मल्लाह व गांव निगडाना जिला रायसन मध्यप्रदेश हाल माडल टाउन निवासी भूपेंद्र के रूप में हुई है।
आरोपियों ने बीती 12 जून को पुराना बस अड्डा के पास फतेहाबाद निवासी ठेकेदार को नकली सोना बेचकर 9 लाख रूपए की ठगी की थी।
थाना शहर में फतेहाबाद जिला के खजूरी जाटी गांव निवासी अंकित पुत्र कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह जीन्द में ठेकेदारी करता है। उसके पास साइट पर बिहार के मधेपुरा जिला के जरावर गंज गांव निवासी अशफाक काम करता है। अशफाक ने बताया कि उसे एक आदमी मिला, जो कह रहा था कि उसे दबा हुआ सोना मिला है। वह सोने को बेचना चाहता है। सोना आधे रेट पर मिल जाएगा। उसने अशफाक से सोना लेकर बुलाने के लिए कहा। 10 जून 2025 को अशफाक ने फोन पर उस व्यक्ति से बात की। व्यक्ति ने कहा कि वह 11 जून शुक्रवार को सोना लेकर पानीपत आएगा। तुम भी रूपए लेकर आ जाना। उसने 2200 रूपए एडवांस ऑनलाइन डलवाए। 11 जून को वह और अशफाक दो लाख रूपए कैश लेकर गाड़ी से करीब 12 बजे पानीपत पहुंचे। जहा अशफाक की फोन पर युवक से बात हुई। उन्होने लाल बत्ती के जीटी रोड पर बुलाया। कुछ देर बाद व्यक्ति और एक महिला पुराने बस अडडा के पास मिले। उन्होंने सोना जैसी लगने वाली छोटी छोटी गोलिया दिखा उसका करीब 200 ग्राम वजन बताया। उन्होने 10 लाख रूपए मांगे। 9 लाख रूपए में बात फाइनल हो गई। उसने 7 लाख रूपए दोस्तों से उधारे मंगवाकर शाम पांच बजे 9 लाख रूपए दे दिए। वे सोने की गोलिया लेकर घर आ गए। उन्होंने सोना चेक कराया तो वह नकली सोना मिला। अब मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है। व्यक्ति और महिला सस्ता सोना देने के नाम पर नकली सोना देकर उनसे 9 लाख रूपए की ठगी कर ले गए। थाना शहर में अंकित की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
थाना शहर प्रभारी सब इंस्पेक्टर कुलदीप ने बताया कि थाना शहर पुलिस ने शुक्रवार शाम को मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी मोहन मल्लाह, भूपेंद्र व जगन मल्लाह को रेस्ट हाउस के सामने फ्लाई ओवर पूल के नीचे से गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने मोहन मल्लाह की पत्नी सरिया व एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर ठगी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शनिवार को आरोपी सरिया को सोनीपत के जठेड़ी गांव से गिरफ्तार किया।
आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ ठेकेदार से ठगी गई राशि में से तीनों आरोपियों ने 5 लाख 60 हजार रूपए अपने पास रख लिए थे और बाकी पैसे फरार साथी आरोपी को दे दिए थे। चारों आरोपियों ने हिस्से में आई राशि में से 7 हजार रूपए खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बची 5 लाख 53 हजार रूपए की नगदी बरामद कर शनिवार को पूछताछ के बाद महिला सहित चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने आमजन से अपील की है कि वे सस्से सोने के लालच में न आए। सावधान व सतर्क रहकर इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ठगी का शिकार होने से बचे।

Comments