लाल बत्ती व रेलवे रोड के सामने फ्लाईओवर पुल के नीचे नशा मुक्त अभियान टीम ने चलाया जागरूकता अभियान, नशे से दूर रहने का किया आह्वान
BOL PANIPAT , 05 अक्तूबर । नशे के खिलाफ पानीपत पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस की नशा मुक्त अभियान टीम ने सोमवार को लाल बत्ती तथा रेलवे रोड के सामने फ्लाईओवर पुल के नीचे युवाओं एवं आमजन से सीधा संवाद किया। टीम ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सामूहिक भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस टीम ने युवाओं को बताया कि नशा किस प्रकार से व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। नशे की लत से पढ़ाई, रोजगार और उज्ज्वल भविष्य से भटक सकते हैं। युवाओं को नशे से दूरी बनाए रखने तथा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग पढ़ाई, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आमजन को भी नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने आमजन को बताया कि परिवार में बच्चों और युवाओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखना नशे की रोकथाम में अहम भूमिका निभा सकता है। अभिभावक बच्चों की संगति और व्यवहार में होने वाले बदलावों पर ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति में समय रहते उचित कदम उठाएं।
इसके साथ ही आमजन से अपील की कि आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। नशे से संबंधित सूचना MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर भी दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
नशा मुक्त अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने आमजन से अपील की कि नशे के खिलाफ लड़ाई को केवल पुलिस तक सीमित न रखें, बल्कि परिवार और समाज भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस की नशा मुक्त अभियान टीम लगातार स्कूलों, गांवों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों और युवाओं के साथ संवाद बनाए रखने तथा उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। नशे से दूर रहें, स्वस्थ जीवन की राह चुनें।

Comments