गौसेवा और गौवंश संरक्षण के लिए हरियाणा सरकार का बड़ा संकल्प: कृष्ण लाल पंवार
गौशालाओं को आर्थिक रूप से सशक्त कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार उठा रही ठोस कदम
नौल्था की लाठे गौशाला के विकास के लिए निजी कोष से 11 लाख रुपये की सहायता की घोषणा
336 गौशालाओं में लगाए जा चुके हैं सोलर पैनल, गोबर गैस प्लांट से आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
BOL PANIPAT , 6 अक्टूबर। हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार गौवंश संरक्षण और गौसेवा को केवल धार्मिक आस्था का विषय न मानकर इसे जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर ग्रामीण व्यवस्था से जोडक़र आगे बढ़ा रही है। प्रदेश की गौशालाओं को मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा लगातार आर्थिक सहायता और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सोमवार को गांव नौल्था स्थित बाबा लाठे वाले गौशाला के 26 वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने गौशाला के विकास एवं उत्थान के लिए अपने निजी कोष से 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नौल्था गौशाला के लिए उनके द्वारा अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। प्रदेश की विभिन्न गौशालाओं में पशुओं के बेहतर पालन-पोषण के लिए सरकार द्वारा चारे हेतु करोड़ों रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। सरकार ने बछड़े के लिए 10 रुपये, गाय के लिए 20 रुपये तथा नंदी के लिए 25 रुपये प्रतिदिन की पालन-पोषण राशि निर्धारित की है। इससे गौशालाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और गौवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित होगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार गौशालाओं को केवल सहायता देने तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसी उद्देश्य से गौशालाओं में गोबर गैस प्लांट लगाए जा रहे हैं, जिससे गोबर का उपयोग ऊर्जा के रूप में किया जा सकेगा और भविष्य में सस्ती गैस उपलब्ध कराने की संभावनाओं को भी बल मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 336 गौशालाओं में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं, जिससे गौशालाएं बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। आने वाले समय में अन्य गौशालाओं को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश में शेड वाली गौशालाओं को भी स्वीकृति दी जा चुकी है तथा नंदियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि कोई पंचायत गौशाला के लिए भूमि खरीदती है तो उसे स्टांप ड्यूटी से छूट और फ्री रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि गौसेवा हमारी संस्कृति, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश में कोई भी गौवंश बेसहारा न रहे और गौशालाओं को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हों। दीपावली के अवसर पर गौशालाओं के लिए सरकार की ओर से और भी महत्वपूर्ण सौगातों की घोषणा की जाएगी। कार्यक्रम में पहुंचने पर गौशाला समिति एवं ग्रामीणों द्वारा मंत्री कृष्ण लाल पंवार का भव्य स्वागत किया गया। समिति की ओर से उन्हें फूलमालाएं पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

Comments