Tuesday, October 6, 2026
Newspaper and Magzine


मतलौडा आईटीआई में विद्यार्थियों और बस अड्डे पर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, नशे से दूर रहने का किया आह्वान

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 6, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 06 अक्तूबर। नशे के खिलाफ पानीपत पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस की नशा मुक्त अभियान टीम ने मतलौडा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। टीम ने मतलौडा स्थित आईटीआई में विद्यार्थियों तथा बस अड्डे पर आमजन को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उन्हें नशे से जुड़े जोखिमों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। टीम ने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर गलत संगति और प्रयोग के तौर पर होती है, जो धीरे-धीरे आदत में बदल सकती है। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के लिए दोस्तों या किसी अन्य व्यक्ति के दबाव में न आएं और ऐसी स्थिति में तुरंत अपने परिवार या भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से यह भी कहा कि वे अपने आसपास के क्षेत्र में नशे से संबंधित गतिविधियों को नजरअंदाज न करें। यदि कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री या सप्लाई की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना पुलिस तक पहुंचाएं।

इसके बाद टीम ने मतलौडा बस अड्डे पर यात्रियों और आमजन से संपर्क कर नशे के खिलाफ जागरूक किया। पुलिस ने आमजन से अपील की कि अपने आसपास नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें और नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति को समय रहते मदद लेने के लिए प्रेरित करें।
पुलिस टीम ने आमजन को MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नशे से संबंधित सूचना इस हेल्पलाइन पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

नशा मुक्त अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। अपने परिवार और आसपास के युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें तथा नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। नशे की रोकथाम केवल कार्रवाई से नहीं, बल्कि जागरूकता और सामूहिक प्रयास से संभव है। आइए, मिलकर नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाएं और स्वस्थ, सुरक्षित व नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। नशे से दूर रहें, स्वस्थ जीवन की राह चुनें।

Comments


Leave a Reply