Friday, October 9, 2026
Newspaper and Magzine


लाखू बुआना गांव के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को और डोर टू डोर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 9, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 09 अक्तूबर । पानीपत पुलिस द्वारा जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा जागरूकता अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने गांव लाखु बुआना के सरकारी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही पुलिस टीम ने गांव में डोर टू डोर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी शिक्षा, परिवार, करियर और भविष्य को भी प्रभावित करती है। नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को कमजोर कर उसे गलत दिशा में ले जा सकता है। टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों व आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
इसके बाद पुलिस टीम ने गांव में डोर टू डोर जाकर ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए नशे की बिक्री और सेवन के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।

अभियान के जिला नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक प्रणय कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और पानीपत को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए युवाओं को स्वयं जागरूक होकर अपने साथियों और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करना होगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, कोई व्यक्ति नशे का काला कारोबार कर रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत जिला पुलिस को दें। नशीले पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी से संबंधित सूचना नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 पर भी दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Comments


Leave a Reply