Monday, October 12, 2026
Newspaper and Magzine


सेवा सेतु शिविरों से आमजन की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 12, 2026 Tags: , , , , ,

राणामाजरा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में 144 नागरिकों ने रखीं समस्याएं

सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध

एक ही छत के नीचे मिलीं विभिन्न विभागों की सेवाएं, अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

BOL PANIPAT , 12 अक्टूबर। केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण सेवा संकल्प अभियान के तहत आमजन की समस्याओं के समाधान और पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिले में लगातार सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के दिशा-निर्देश पर सोमवार को राजकीय हाई स्कूल परिसर, राणामाजरा में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 144 नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी शिकायतें एवं समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों पर मौके पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की।

    उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना और उनकी समस्याओं का समाधान उनके नजदीक ही उपलब्ध करवाना है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

    उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनते हैं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हैं। इससे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी मिलती है तथा सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होती है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए। पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने में मदद मिलती है।

शिविर में समाज कल्याण एवं न्याय अधिकारिता विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, रेडक्रॉस, महिला एवं बाल विकास विभाग, अंत्योदय, स्वास्थ्य विभाग, क्रीड, बिजली विभाग, महिला विकास निगम, हरियाणा राज्य आजीविका मिशन, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्री तथा उद्यान विभाग सहित कई अन्य विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को संबंधित विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई के लिए संज्ञान लिया।

  जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिल्लोड ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक प्रशासन की सेवाएं सीधे पहुंचाई जा रही हैं। इन शिविरों का उद्देश्य केवल लोगों की समस्याएं सुनना ही नहीं, बल्कि पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाना भी है।

उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें और विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

Comments


Leave a Reply