Wednesday, October 14, 2026
Newspaper and Magzine


कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से न छूटे, नोटिस प्राप्त मतदाता संबंधित अधिकारियों से करें संपर्क: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 14, 2026 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT , 14 अक्टूबर। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में 7 से 9 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान एवं कैंप आयोजित किए गए। इनका उद्देश्य उन मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज एकत्रित करना था, जिन्हें एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) मतदाता सूची के साथ मैपिंग नहीं होने अथवा मैपिंग में त्रुटि के कारण नोटिस जारी किए गए थे। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

उपायुक्त ने बताया कि यदि किसी मतदाता को नोटिस, दस्तावेज जमा करवाने या मतदाता सूची से संबंधित कोई शिकायत अथवा समस्या है, तो वह संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (एईआरओ) अथवा निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) से संपर्क कर सकता है। संबंधित अधिकारी मतदाताओं की समस्याओं के समाधान तथा आवश्यक मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए 947 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), 4 निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) तथा 101 सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी( एईआरओ) तैनात हैं। इनके माध्यम से मतदाता सूची से संबंधित कार्यों और मतदाताओं की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे नोटिस मिलने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाएं और निर्धारित प्रक्रिया में सहयोग करें।

Comments


Leave a Reply