डीसी ने इंद्रप्रस्थ मेडिकल संस्थान का किया निरीक्षण।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर दिया जोर।
BOL PANIPAT , 14 अक्टूबर। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं तथा संस्थान की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से डीसी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बुधवार को इंद्रप्रस्थ मेडिकल संस्थान का दौरा कर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, ओपीडी सेवाओं, मरीजों के उपचार, साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता, ब्वॉयज और गल्र्स हॉस्टल,सभागार,लाइब्रेरी,ऑपरेशन थियेटर तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।

डीसी डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने निर्देश दिए कि संस्थान में आने वाले मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा उनके साथ संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ व्यवहार किया जाए। उन्होंने संस्थान परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आमजन की मूलभूत आवश्यकता हैं और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना संबंधित संस्थान की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा। डीसी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा आयुष्मान योजना को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया गया है ताकि पात्र लोगों को समय पर और तय नियमों के तहत प्रावधान के आधार पर इलाज में छूट मिले,इसीलिए इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इस मौके पर उनके साथ एसडीएम मनदीप कुमार, सिविल सर्जन डॉक्टर विजय मलिक, अग्निशमन अधिकारी गुरमेल सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ मनीष पासी, संस्थान के ग्रुप चेयरमैन ए.एस. राणा, सीईओ नीलिमा राणा भी उपस्थित रहे। इस दौरान डीसी डॉक्टर हरीश कुमार वशिष्ठ ने वहां पर दाखिल मरीजों से भी बातचीत की और उन्हें दी जाने वाली सुविधाओं का भी जायजा लिया।

Comments