Thursday, October 22, 2026
Newspaper and Magzine


आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘Markets, Careers & Financial Independence’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया.

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at October 22, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT। जी.टी. रोड स्थित आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पानीपत में वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग द्वारा  विद्यार्थियों के लिए ‘Markets, Careers & Financial Independence’ विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमे लगभग 96 विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय बाजार, रोजगार के अवसरों, निवेश के महत्व तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था। यह सत्र विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के अलावा व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने पर केंद्रित रहा।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ वाणिज्य एवं प्रबंधन विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीत शर्मा, अजयपाल सिंह, माधवी और डॉ. ज्योति गहलोत द्वारा मुख्य वक्ता शुभम, फाउंडर एवं लीड फैसिलिटेटर (सबर पोर्टफ़ोलियो अकैडमी)को पौधा एवं स्मृति-चिह्न भेंट करके किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ वित्तीय साक्षरता और व्यावहारिक कौशल भी अत्यंत आवश्यक हैं। इस प्रकार की कार्यशालाएँ विद्यार्थियों को अपने करियर के प्रति जागरूक बनाने, सही वित्तीय निर्णय लेने तथा भविष्य में वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती हैं।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता शुभम ने विद्यार्थियों को एन.आई.एस.एम. (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स) प्रमाणन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि एन.आई.एस.एम. प्रमाणन वित्तीय क्षेत्र में करियर बनाने के लिए किस प्रकार सहायक हो सकता है। इसके माध्यम से इक्विटी रिसर्च, ट्रेडिंग, पोर्टफोलियो प्रबंधन और वित्तीय सलाहकार जैसे क्षेत्रों में करियर के अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने विद्यार्थियों को कम उम्र से ही बचत एवं निवेश की आदत विकसित करने के महत्व से अवगत कराया। चक्रवृद्धि वृद्धि की उपयोगिता समझाते हुए उन्होंने बताया कि समय रहते निवेश की शुरुआत करना भविष्य में आर्थिक स्थिरता प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष एवं कार्यशाला के संयोजक सुनीत शर्मा ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय बाजारों की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना और उन्हें करियर संबंधी संभावनाओं के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने भविष्य की योजना बनाते समय वित्तीय अनुशासन, निवेश संबंधी समझ और निरंतर सीखने की आदत को प्राथमिकता देनी चाहिए।

कार्यशाला के सह-संयोजक अजयपाल सिंह, माधवी एवं डॉ. ज्योति गहलोत ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि आज के समय में वित्तीय जागरूकता प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे शेयर बाजार में निवेश करने से पहले उसके जोखिमों और नियमों को अच्छी तरह समझें तथा किसी भी वित्तीय निर्णय में जल्दबाजी करने से बचें। उन्होंने इस प्रकार के व्यावहारिक सत्रों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास  व आर्थिक रूप से सुदृढ़ भविष्य बनाने के लिए उपयोगी बताया।

कार्यशाला का एक प्रमुख आकर्षण शेयर बाजार का लाइव ट्रेडिंग डेमो रहा, जिसमें विद्यार्थियों को वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से बाजार की कार्यप्रणाली समझाई गई। साथ ही, उन्हें शेयर बाजार में निवेश करने से पहले आवश्यक जानकारी प्राप्त करने, जोखिमों को समझने, भ्रामक दावों से बचने तथा निवेश से जुड़ी वास्तविक अपेक्षाएँ रखने के बारे में जागरूक किया गया।
अंत में, वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष एवं कार्यशाला के संयोजक श्री सुनीत शर्मा ने कार्यशाला को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्राध्यापकों,आयोजकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का धन्यवाद किया। कार्यशाला ने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता, करियर निर्माण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया।मंच का संचालन आकांक्षा शर्मा ने किया।

इस अवसर पर  राजेश बाला, रूहानी शर्मा, साक्षी मुंजाल, करुणा सचदेवा, निशा गुप्ता ,रीना , रुचिका बतरा, मनीत कौर, आकांक्षा, सुखजिंदर , सोनिया विरमानी, निशा गोयल, जागृति, आंचल, अन्नु बेनीवाल, रूबी, दिव्या उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply