Friday, October 23, 2026
Newspaper and Magzine


मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी मुस्तैदी से निभाएं : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 23, 2026 Tags: , , , , , ,

हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर उपायुक्त और एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा

खटीक समाज सम्मेलन और संत निरंकारी समागम की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

BOL PANIPAT , 23 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार, 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले खटीक समाज सम्मेलन और संत निरंकारी समागम में मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने शुक्रवार दोपहर बाद विभिन्न स्थानों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन, एनएफएल, आर्य कॉलेज तथा सेक्टर 13-17 सहित संबंधित स्थलों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। हेलीपैड स्थल पर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी निर्धारित ड्यूटी पर मुस्तैदी से तैनात रहें और आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि कार्यक्रमों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा जिले के लिए महत्वपूर्ण है और इसे सफलतापूर्वक संपन्न करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दें। सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी अधिकारी निर्धारित स्थानों पर समय से पहुंचकर अपनी ड्यूटी पूरी मुस्तैदी से निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और मुख्यमंत्री का दौरा सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आर्य कॉलेज में खटीक समाज के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की तथा सम्मेलन की तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संबंधित स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
विदित रहे कि 25 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह आर्य कॉलेज में आयोजित खटीक समाज सम्मेलन में भाग लेंगे। अपने प्रस्तावित एकदिवसीय दौरे के दौरान वे भोड़वाल माजरी में आयोजित संत निरंकारी समागम में भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, संत निरंकारी समागम में मुख्यमंत्री के शामिल होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद जिला प्रशासन अपनी ओर से तैयारियों को लेकर सतर्क है।
इसी कड़ी में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने भोड़वाल माजरी स्थित संत निरंकारी समागम स्थल का भी दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Comments


Leave a Reply