Monday, April 27, 2026
Newspaper and Magzine


समालखा ब्लॉक में नए सत्र के प्रवेश उत्सव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 9, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : समालखा, 9 मार्च। समालखा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी विद्यालयों के प्राइमरी हेड, मिडिल हेड, हेडमास्टर एवं प्राचार्यों की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आज लार्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल, समालखा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने की। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी समालखा सरिता, जिला समन्वयक संदीप रत्तेवाल तथा जिला गणित विशेषज्ञ  रणबीर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश उत्सव को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने सभी विद्यालय मुखियाओं को निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए तथा प्रत्येक विद्यालय अपनी उपलब्धियों को समाज के सामने प्रस्तुत करे। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय अपने स्कूल की प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाते हुए एक आकर्षक स्कूल बैनर तैयार करवाए, जिससे अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता एवं सुविधाओं की जानकारी मिल सके। साथ ही नए प्रवेश को बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पम्पलेट्स तैयार करवा कर क्षेत्र में वितरित किए जाएं।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शिक्षकगण घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करेंगे और बच्चों को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके लिए एक विशेष रजिस्टर भी बनाया जाएगा, जिसमें संपर्क किए गए परिवारों और संभावित विद्यार्थियों का विवरण दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा विद्यालयों से बाहर रह गए ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा स्कूल से जोडऩे तथा विद्यार्थियों को ‘उल्लास’ कार्यक्रम के अंतर्गत होने वाली परीक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में यह भी कहा गया कि प्रत्येक विद्यालय अपनी शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल उपलब्धियों को समय-समय पर अखबारों में प्रकाशित करवाए, ताकि समाज में सरकारी विद्यालयों की सकारात्मक छवि और मजबूत हो सके। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने सभी विद्यालय मुखियाओं से आह्वान किया कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए नए सत्र में अधिकतम नामांकन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ प्रयास करें।

Comments