Wednesday, October 28, 2026
Newspaper and Magzine


बेसहारा बच्चों को मिलेगा परिवार का सहारा, फोस्टर केयर के लिए इच्छुक दंपती जिला बाल संरक्षण समिति से करें संपर्क

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 28, 2026 Tags: , , , , ,

बच्चा गोद लेने में आ रही है परेशानी तो जिला बाल संरक्षण समिति करेगी मदद

प्रत्येक वीरवार को मिलेगी काउंसलिंग की सुविधा

BOL PANIPAT , 28 अक्टूबर। जिले में गुमशुदा, परित्यक्त और लावारिस बच्चों को संरक्षण एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान करने के लिए जिला बाल संरक्षण समिति और बाल कल्याण समिति द्वारा कार्य किया जा रहा है। इन संस्थाओं का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित वातावरण, उचित देखभाल और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध करवाना है।
    जिला बाल संरक्षण समिति के चेयरमैन कैदार दत्त ने बताया कि 0 से 18 वर्ष तक के ऐसे बच्चे, जिन्हें देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता है, उनकी सुरक्षा और पुनर्वास के लिए जिला स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाते हैं।
    उन्होंने बताया कि गुमशुदा, परित्यक्त और लावारिस बच्चों को संबंधित प्रक्रिया के तहत बाल देखरेख केंद्रों में भेजा जाता है। जिन बच्चों के माता-पिता या संरक्षक मिल जाते हैं, उन्हें नियमानुसार उनके सुपुर्द कर दिया जाता है। वहीं, जिन बच्चों के माता-पिता या संरक्षक नहीं मिल पाते, उनके लिए नियमानुसार दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया अपनाई जाती है। ग़ौरतलब है कि जिला में कोई विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी नहीं है। दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने तक बच्चों को बाल देखरेख केंद्र अथवा संबंधित विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी में रखा जाता है।

कैदार दत्त ने बताया कि दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया के दौरान बच्चों को पारिवारिक वातावरण और बेहतर देखभाल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से किशोर न्याय बालकों की देखरेख तथा मॉडल नियम  के प्रावधानों के तहत फोस्टर केयर यानी पालक देखभाल की सुविधा दी जा सकती है। इसके तहत इच्छुक दंपती निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार बच्चे की अस्थायी देखभाल की जिम्मेदारी ले सकते हैं। ऐसे इच्छुक दंपती जिला बाल संरक्षण समिति, पानीपत के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जो दंपती या परिवार बच्चा गोद लेना चाहते हैं, लेकिन उन्हें दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी आ रही है, उनकी जिला बाल संरक्षण समिति द्वारा काउंसलिंग के माध्यम से सहायता की जाती है। बच्चा गोद लेने के इच्छुक दंपती एवं परिवार प्रत्येक वीरवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जिला बाल संरक्षण समिति के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं, जहां उन्हें आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जाएगा।

ध्यान रहे कि इच्छुक दंपती एवं परिवार जिला बाल संरक्षण अधिकारी, जिला बाल संरक्षण समिति, कमरा नंबर 407, चौथी मंजिल, लघु सचिवालय, पानीपत में संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए फोन नंबर 0180-2641574, 0180-2642574 और 9255644002 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Comments


Leave a Reply