सरकारी योजनाओं और विकास की सटीक नीति निर्धारण में अहम भूमिका निभाते हैं सांख्यिकीय आंकड़े : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
एनएसओ की सर्वेक्षण टीम को सही जानकारी देकर विकास की नीतियों को मजबूत बनाने में करें सहयोग
BOL PANIPAT, 4 नवंबर। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला के नागरिकों और उद्यमियों से अपील की है कि वे नवंबर माह के दौरान राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), भारत सरकार की ओर से किए जाने वाले विभिन्न सर्वेक्षणों में पहुंचने वाली टीमों को पूरा सहयोग दें और मांगी गई जानकारी सही एवं तथ्यात्मक रूप से उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी देश और प्रदेश की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों तथा आर्थिक नियोजन को प्रभावी बनाने में सटीक आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए सर्वेक्षण में प्रत्येक नागरिक और प्रतिष्ठान की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने कहा कि सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय वर्ष 1950 से परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से विभिन्न प्रकार की सूचनाएं एकत्रित कर रहा है। इन सूचनाओं का उपयोग राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर योजनाओं के निर्माण तथा नीतियों के निर्धारण के लिए किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण के दौरान एकत्रित की जाने वाली सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं। किसी भी परिवार अथवा प्रतिष्ठान की व्यक्तिगत पहचान रिपोर्ट या प्रकाशित आंकड़ों में उजागर नहीं की जाती। इन आंकड़ों का इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला में राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण के लिए समालखा में वार्ड नंबर-3, ऑफिसर्स कॉलोनी के नजदीक का क्षेत्र चयनित किया गया है। आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के तहत पानीपत की बत्रा कॉलोनी में सर्वेक्षण किया जाएगा। ऋण एवं निवेश तथा कृषक परिवारों की स्थिति के आकलन के लिए उझा खेड़ी के वार्ड नंबर-15 और पानीपत के वार्ड नंबर-26, सेक्टर-8 को चयनित किया गया है।
इसी प्रकार असंगठित क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण के लिए पानीपत के विकास नगर, इसराना तहसील के चमराड़ा गांव के वार्ड नंबर-83 तथा समालखा तहसील के कमासपुर गांव के वार्ड नंबर-33 में सर्वेक्षण किया जाएगा। प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण के लिए समालखा, पानीपत के वार्ड नंबर-7, समालखा तहसील के महराणा/महाली गांव के वार्ड नंबर-23 तथा इसराना तहसील के वार्ड नंबर-66 और 67 को चयनित किया गया है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि नागरिक सर्वेक्षण अधिकारियों के साथ सहयोग करते हुए सही जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि एकत्रित आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाएं वास्तविक परिस्थितियों और जरूरतों के अनुरूप तैयार की जा सकें। उन्होंने कहा कि आंकड़ों की विश्वसनीयता ही बेहतर योजना निर्माण और प्रभावी विकास की मजबूत नींव है। इसलिए सभी नागरिकों, परिवारों और उद्यमियों को इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय सहयोग देना चाहिए।

Comments