स्वास्थ्य को चुने तम्बाकू नहीं: एसडीएम
बैठक में विभागों के अधिकारियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभाव को लेकर शपथ दिलाई
BOL PANIPAT, 9 मार्च। लघु सचिवालय के प्रथम तल पर स्थित सभागार में जिला स्तरीय समन्वय कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमंडल अधिकारी वीरेंद्र ढुल (ना.) ने विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों को कहा कि बढ़ते नशे पर रोकथाम करना जरूरी है। वे अधिनियमों का उल्लघंन करने वालों के विरूद्ध विभिन्न अधिनियमों के तहत चालान करें व अपने-अपने विभागों में नशे से होने वाले दुष्प्रभाव को लेकर शपथ दिलायें।
उपमंडल अधिकारी वीरेंद्र ढुल ने तम्बाकू से बचाव के लिए जरूरी दिशा निर्देश देते हुए कहा कि हमें अपने स्वास्थ्य को चुनना चाहिये न की तंबाकू को। जो दूकानदार तम्बाकू अधिनियम के विपरित तम्बाकू का विक्रय कर रहें हैं उन पर नजऱ रखें व चालान करें।
उपमंडल अधिकारी ने किन किन विभागों ने अभी तक कितने कितने चालान किए हैं इसकी जानकारी भी ली। उन्होंने सभी विभाग के अधिकारियों को शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि तंबाकू उत्पादों का प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष ढंग से बोर्ड, टीवी, पंपलेट इत्यादि द्वारा विज्ञापन करना अपराध की श्रेणी में आता है। नशीले उत्पादों का प्रचार करना तंबाकू कंपनियों से प्रायोजित लेना उल्लंघन है। उल्लंघन पर कारावास व जुर्माना लगाया जा सकता है।
उन्होंने शिक्षण संस्थान के 100 गज के दायरे के भीतर तम्बाकू उत्पादन बेचना या प्रस्तुत करना अधिनियम के विपरीत बताते हुए चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने संस्थानों में अपने परिजनों परिचितों को धूम्रपान व अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने के लिए प्रेरित करें व उन्हें शपथ दिलवाये।

Comments