बाइक चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार. चोरी की बाइक बरामद.
BOL PANIPAT : 04 अक्तूबर 2025, समालखा चौक पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक शातिर चोर को भापरा रोड बाइपास से काबू किया है। आरोपी की पहचान गढ़ी छाजू निवासी आशीष के रूप में हुई है।
समालखा चौकी इंचार्ज एएसआई अनिल ने बताया कि उनकी टीम को शुक्रवार शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध किस्म का एक युवक भापरा रोड बाइपास पर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान आशीष पुत्र संतराम निवासी गढ़ी छाजू के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर बीते जून माह में रात के समय समालखा गांधी नगर मंडी में घर के बाहर खड़ी एक बाइक चोरी करने बारे स्वीकारा
बाइक चोरी की उक्त वारदात बारे थाना समालखा में गांधी नगर समालखा मंडी निवासी दलबीर पुत्र सूरत सिंह की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
इंचार्ज एएसआई अनिल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह नशा करने का आदी है। अपनी नशे की लत पूरी करने व शार्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए उसने अपने एक साथी आरोपी के साथ मिलकर उक्त बाइक चोरी की थी।
पुलिस ने आरोपी आशीष के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर शनिवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
आरोपी आशीष का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ करनाल में चोरी का एक मामला दर्ज है। आरोपी बीते मार्च माह में जेल से बेल पर बाहर आया था।

Comments