Friday, June 5, 2026
Newspaper and Magzine


आई.बी.(पी.जी.) कॉलेज की एनएसएस यूनिट द्वारा गांव खोतपुरा में नशा मुक्ति अभियान के तहत जन-जागरूकता रैली निकाली गई।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at January 20, 2026 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी.(पी.जी.) कॉलेज की एनएसएस यूनिट द्वारा गांव खोतपुरा में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन विभिन्न गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। दिन का शुभारंभ स्वयंसेवकों द्वारा ‘वंदे मातरम’ के गायन और योगाभ्यास के साथ हुआ।
इसके पश्चात, गांव खोतपुरा में नशा मुक्ति अभियान के तहत एक जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने “देश को बचाना है-नशे को हटाना है” और “जो नशे को भगाएगा-वही सच्चा वीर कहलाएगा” जैसे जोशीले नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। रैली के बाद सभी स्वयंसेवकों ने गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण भी किया।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा, “नशा मुक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे के घातक परिणामों से बचाना और लोगों को जागरूक करना है। नशा न केवल लिवर और हृदय की गंभीर बीमारियों का कारण बनता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी पूरी तरह नष्ट कर देता है। हमें मिलकर समाज को स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना होगा।”
दोपहर के सत्र में स्वयंसेवकों ने गांव में ‘डिजिटल साक्षरता अभियान’ चलाया। स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को तकनीक के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से समझाया कि वर्तमान डिजिटल युग में एंड्रॉइड मोबाइल का प्रयोग सावधानी से करना चाहिए। किसी भी अनजान व्यक्ति की कॉल पर भरोसा न करने और संदिग्ध लिंक को न खोलने की सलाह दी गई।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी खुशबू ने बताया कि डिजिटल साक्षरता का उद्देश्य देश के हर नागरिक को तकनीक के साथ सशक्त बनाना है। उन्होंने ऑनलाइन सुरक्षा, डिजिटल भुगतान और ई-गवर्नेंस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल ज्ञान से ही हम प्रगति की ओर अग्रसर हो सकते हैं।
सायंकालीन सत्र में स्वयंसेवकों ने स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनी पर प्रकाश डाला और उनके बलिदान को याद किया। इसके उपरांत विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस पूरे दिन के सफल आयोजन में डॉ. नीतू और प्राध्यापक कुलदीप का विशेष मार्गदर्शन रहा।

Comments