सरकारी योजनाओं का लाभ उद्योगों तक पहुंचाने के लिए 8 सितंबर को जिमखाना क्लब में होगा विशेष सेमिनार: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
उद्योगपतियों और अधिकारियों के बीच होगा सीधा संवाद
समस्याओं के समाधान के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा फोकस
BOL PANIPAT , 25 अगस्त। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने तथा उद्योगपतियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आगामी 8 सितंबर को जिमखाना क्लब में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं इंडस्ट्रियलिस्ट के साथ विशेष सेमिनार आयोजित किया जाएगा। सेमिनार में केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, औद्योगिक सुविधाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी उद्योगपतियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा। उपायुक्त ने बताया कि सेमिनार का मुख्य उद्देश्य सरकार की औद्योगिक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को उद्योग जगत तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना, पात्र उद्यमियों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा उद्योगों से संबंधित समस्याओं का विभागीय अधिकारियों के समक्ष समाधान सुनिश्चित करना है।
उपायुक्त ने कहा कि उद्योगों के विकास से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, इसलिए प्रशासन उद्योग जगत के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सेमिनार में एचएसआईआईडीसी, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एमएसएमई, श्रम विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, जीएसटी विभाग, फायर विभाग, जिला उद्योग केंद्र, डीजीएफटी, नगर निगम, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पुलिस विभाग, पीएफ एवं ईएसआई तथा ईसीजीसी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सेमिनार में अपनी विभागीय योजनाओं, उद्योगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, अनुमतियों, सेवाओं तथा सरकार द्वारा संचालित प्रोत्साहन योजनाओं की स्पष्ट जानकारी लेकर उपस्थित हों। साथ ही उद्योगपतियों की ओर से उठाए जाने वाले विषयों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संवाद से सरकार, प्रशासन और उद्योग जगत के बीच समन्वय मजबूत होगा तथा ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि उद्योगपतियों को विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही मंच पर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध हो सके। सेमिनार में उद्योगपतियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक औपचारिकताओं तथा विभागीय स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Comments