Tuesday, October 13, 2026
Newspaper and Magzine


सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at October 13, 2026 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी. कॉलेज, पानीपत में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के तत्वावधान में सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” (Probity for Prosperity) रही। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम का आयोजन गौतम प्रिया, मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता), विशाल मित्तल, उप महाप्रबंधक (सतर्कता), संजीव कुमार ठाकुर, वरिष्ठ प्रबंधक (सतर्कता) तथा विजेंद्र कुमार, प्रबंधक (मानव संसाधन) के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम का मंच संचालन लेफ्टिनेंट डॉ. नरवीर ने किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. शशि प्रभा एवं डॉ. नीलम दहिया शामिल रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में वंदिता ने प्रथम स्थान, ज़ैनब ने द्वितीय स्थान तथा प्रणव ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त मनु जोशी और मदीना को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।
कार्यक्रम में डॉ. गुरनाम, डॉ. प्रवीण और डॉ. जोगेश भी उपस्थित रहे और आयोजन में सहभागिता की।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ युवाओं को सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता का महत्त्व समझने और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती हैं।

प्राचार्य ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए IOCL पानीपत रिफाइनरी की टीम, निर्णायक मंडल, मंच संचालक तथा सभी सहयोगियों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी एवं नैतिकता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी में नैतिक चेतना, जवाबदेही और निवारक सतर्कता के प्रति जागरूकता विकसित करना था। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

Comments


Leave a Reply