Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine



02 मई को होगा डॉ. पद्मसिंह शर्मा ‘कमलेश’ मेमोरियल कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन

युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के तत्वाधान में हो रहा है आयोजन

प्रतियोगिता में करनाल जोन के 70 महाविद्यालयों के प्रतिभागी लेंगे हिस्सा

पानीपत, 01 मई.

एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में डॉ पद्मसिंह शर्मा ‘कमलेश’ मेमोरियल कविता पाठ प्रतियोगिता 2022-23 का आयोजन 02 मई को होगा जिसमें करनाल जोन के 70 महाविद्यालयों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे और इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ महा सिंह पुनिया निदेशक युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र करेंगे.प्रतियोगिता का आयोजन युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के तत्वाधान में हो रहा है और इस बार के आयोजन का दायित्व सनातन धर्म महाविद्यालय पानीपत को प्राप्त हुआ है. विदित रहे कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा वार्षिक रूप से आयोजित चिर प्रतिष्ठित युवा महोत्सव की तरह डॉ पद्मसिंह शर्मा ‘कमलेश’ मेमोरियल कविता पाठ प्रतियोगिता को भी विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कैलेंडर में उच्च मान हासिल है. यह जानकारी कॉलेज प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी. प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण का समय प्रातः 9:00 से 10:00 बजे के बीच होगा और इसकी विधिवत शुरुआत प्रातः 10:30 बजे होगी. इस प्रतियोगिता में प्रत्येक महाविद्यालय से दो प्रतिभागी भाग ले रहे है और इसमें सुनाई जाने वाली कविता का माध्यम हिन्दी रहेगा. प्रत्येक कविता को सुनाने के लिए 4 से 5 मिनट का समय दिया जाएगा.स्वरचित कविताओं को प्राथमिकता दी जाएगी. किसी भी कविता का विषय अश्लील व धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला नहीं होना चाहिए. कार्यक्रम की प्रभारी एवं संयोजिका डॉ संगीता गुप्ता है. प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 3100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 2100 रुपये और तृतीय पुरस्कार 1100 रुपये नकद दिया जायेगा.

विदित रहे कि डॉपद्म सिंह शर्मा ‘कमलेश’ का संस्मरण लेखकों में विशेष स्थान है. इन्होंने अपने संस्मरणों का विषय साहित्यकारों को बनाया. पद्म सिंह शर्मा थोड़े उग्र स्वभाव के थे जिसके परिणाम स्वरूप उनके संस्मरणों में सरसता के साथ-साथ नोंक-झोंक के भी दर्शन होते हैं. उनके द्वारा रचित महाकवि अकबर इलाहाबादी का संस्मरण अति रोचक एवं सरस शैली में प्रतिपादित किया है. इसमें अकबर का जीवन वृत्त उभर कर सामने आया है तथा ‘कमलेश’ की विद्वता, सजीवता, त्वरित वाकपटुता ने भी साकार रूप दिखाया है.संस्मरण की भाषा बेहद सशक्त एवं भावाभिव्यंजक में अत्यंत सहयोग है. ऐसे महान लेखक की याद में ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय इस वार्षिक कविता पाठ प्रतियोगिता को जोन स्तर पर आयोजित करता है.

Comments