फैक्टरी से सिलाई मशीन चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार. दो सिलाई मशीन बरामद.
BOL PANIPAT , 07 जनवरी : थाना तहसील कैंप पुलिस ने देशराज कॉलोनी में फैक्टरी से सिलाई मशीन चोरी करने के आरोपी को मंगलवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान देशराज कॉलोनी निवासी रोहित के रूप में हुई है।
थाना तहसील कैंप प्रभारी इंस्पेक्टर दिवान सिंह ने बताया कि उनकी टीम को मंगलवार शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि देशराज कॉलोनी में बनियों की श्मशान रोड पर एक संदिग्ध किस्म का युवक घूम रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान रोहित पुत्र राम भजन निवासी देसराज कॉलोनी के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने 4 जनवरी की रात देसराज कॉलोनी में एक फैक्ट्री से दो सिलाई मशीन चोरी करना स्वीकारा। चोरी की उक्त वारदात बारे थाना तहसील कैंप में अंसल सुशांत सीटी निवासी सौरव छाबड़ा की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।प्रभारी इंस्पेक्टर दीवान सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह नशा करने का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उसने फैक्टरी से मशीन चोरी की। आरोपी ने मशीन चोरी कर देसराज कॉलोनी में एक खाली प्लाट में झाड़ियों में छुपाकर रखी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की दोनों सिलाई मशीन बरामद कर बुधवार को पूछताछ के बाद आरोपी रोहित को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments