डिजिटाइजेशन अभियान में तेजी, पारदर्शी और सटीक मतदाता सूची की ओर मजबूत कदम: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
विशेष गहन पुनरीक्षण में डिजिटाइजेशन ने पकड़ी रफ्तार, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में जुटा पूरा प्रशासन
विशेष गहन पुनरीक्षण का काउंट डाउन प्रारंभ
9 जुलाई तक कार्य पूरा करने के निर्देश
BOL PANIPAT , 7 जुलाई। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से डिजिटाइजेशन कार्य तेज गति से किया जा रहा है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में पानीपत जिला लगातार उल्लेखनीय प्रगति दर्ज कर रहा है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि अब तक 5,42,842 (56.15 प्रतिशत) रिकॉर्ड पूरी तरह सत्यापित किए जा चुके हैं, जबकि 3,91,722 (40.52 प्रतिशत) रिकॉर्ड सत्यापन की प्रक्रिया में हैं। इसके अतिरिक्त 1,825 (0.19 प्रतिशत) मामलों में आवश्यक सुधार की कार्रवाई की जा रही है। वहीं 2,20,195 (22.78 प्रतिशत) रिकॉर्ड स्वीकृत, 2,86,057 (29.59 प्रतिशत) रिकॉर्ड अन्य आवश्यक प्रक्रिया में तथा 34,755 (3.60 प्रतिशत) रिकॉर्ड निर्धारित श्रेणी के अंतर्गत दर्ज किए गए हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही एवं अद्यतन रूप में मतदाता सूची में दर्ज करना है। उन्होंने कहा कि डिजिटाइजेशन से मतदाता सूची अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और विश्वसनीय बनेगी।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, बीएलओ एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्य भी पूरी गंभीरता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा करें ताकि आगामी निर्वाचन के लिए शुद्ध एवं प्रमाणिक मतदाता सूची उपलब्ध हो सके।

Comments