अवैध देसी पिस्तौल सहित आरोपी गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 17 नवम्बर 2023, सीआईए थ्री पुलिस टीम ने गांव जौंधन कला रेलवे फाटक के नजदीक एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान रिंकू निवासी जौंधन कला के रूप में हुई।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर अंकित ने बताया कि उनकी टीम वीरवार को गश्त व जांच पड़ताल के दौरान इसराना में बस अड्डे पर मौजूद थी। पुलिस टीम को इसी दौरान गुप्त सूचना मिली की चेकदार शर्ट पहने संदिग्ध किस्म का एक युवक गांव जौंधन कला की और से रेलवे फाटक की तरफ पैदल आ रहा है। युवक के पास अवैध हथियार होने की संभावना है। पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता मानते हुए गांव जौंधन कला रेलवे फाटक के नजदीक नाकाबंदी कर संदिग्ध युवको पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात गांव जौंधन कला की और से एक संदिग्ध किस्म का युवक पैदल आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने कुछ कदमों पर ही युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान रिंकू पुत्र बलवान निवासी जौंधन कला के रूप में बताई।
तलाशी लेने पर आरोपी की पहनी हुई पेंट की जेब से अवैध एक देसी पिस्तौल 32 बौर बरामद हुआ। पिस्तौल को खोलकर जांच की तो अनलोड मिला।
इंस्पेक्टर अंकित ने बताया पूछताछ में आरोपी रिंकू ने पुलिस को बताया उसको उक्त देसी पिस्तोल करीब 25 दिन पहले रेलवे लाईन के नजदीक पड़ा मिला था। वह पिस्तौल को उठाकर घर ले गया और दोस्तों में रौब दिखाने के लिए पिस्तौल को साथ लेकर चलने लगा। आरोपी रिंकू के खिलाफ थाना इसराना में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ के बाद पुलिस ने वीरवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments