अवैध देसी पिस्तौल सहित आरोपी गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 8 मार्च 2024, सीआईए थ्री पुलिस टीम ने तामशाबाद यमुना बांध के पास एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सन्नी उर्फ बल्लू निवासी कर्ण विहार करनाल के रूप में हुई।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि उनकी टीम वीरवार को गश्त व जांच पड़ताल के दौरान सनौली अड्डा पर मौजूद थी। तभी टीम को गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध किस्म का एक युवक यमुना पुल की ओर से पैदल सनौली टोल टैक्स की तरफ आ रहा है। युवक के पास अवैध हथियार होने की संभावना है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तमाशाबाद यमुना बांध के पास नाकाबंदी कर संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात एक युवक यमुना पुल की ओर से पैदल आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर एकदम से वापिस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने कुछ कदमों पर ही युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान सन्नी उर्फ बल्लू पुत्र सतपाल निवासी कर्ण विहार कॉलनी करनाल के रूप में बताई। तलाशी लेने पर युवक की पहनी हुई पेंट की जेब से अवैध एक देशी पिस्तौल 32 बौर बरामद हुआ। पिस्तौल को खोलकर जांच की तो अनलोड मिला। पुलिस टीम ने युवक को पिस्तौल का लाईसेंस व परमिट दिखाने के लिए कहा तो आरोपी कोई भी कागजात पेश नही कर सका।
इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पूछताछ में आरोपी सन्नी उर्फ बल्लू ने पुलिस को बताया की वह ट्रक ड्राईवर है, और उसको अवैध हथियार रखने का शौक है। आरोपी करीब 3 महीने पहले ट्रक लेकर मध्य प्रदेश के इंदौर गया था। जहा उसने हाइवे पर ढाबे के नजदीक मिले एक अज्ञात युवक से उक्त देसी पिस्तौल 30 हजार रूपये में खरीदा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध देसी पिस्तौल को कब्जा पुलिस में लेकर आरोपी सन्नी उर्फ बल्लू के खिलाफ थाना सनौली में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर शुक्रवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments