अवैध देसी पिस्तौल सहित आरोपी गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 24 दिसम्बर 2024, सीआईए थ्री पुलिस टीम ने टीडीआई सेक्टर 23 के गेट के पास एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान आकाश निवासी जावा कालोनी के रूप में हुई।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगा आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है। अभियान के तहत सोमवार को सीआईए थ्री पुलिस की एक टीम गश्त व जांच पड़ताल के दौरान मित्तल माल के पास मौजूद थी।
पुलिस टीम को इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म का एक युवक उझा रोड की तरफ से पैदल टीडीआई गेट की और पैदल आ रहा है। जिसके पास अवैध हथियार होने की संभावना है।
पुलिस टीम ने टीडीआई सेक्टर 23 के गेट के पास नाकाबंदी कर संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात एक युवक हाथ में प्लास्टिक थैली पकड़े उझा रोड की तरफ से पैदल आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर एकदम से वापिस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने कुछ कदमों पर ही युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान आकाश पुत्र बलवान निवासी जावा कालोनी के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी प्लास्टिक थैली से एक देसी पिस्तौल 315 बौर बरामद हुआ।
पिस्तौल को खोलकर जांच की तो अनलोड मिला। देसी पिस्तौल का लाईसेंस व परमिट मांगने पर आरोपी कोई भी कागजात पेश नही कर सका।
आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकार्ड
प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ मारपीट, चोरी व जानलेवा हमला करने की वारदातों के जिला के विभिन्न थाना में आधा दर्जन के करीब केस दर्ज है। आरोपी करीब डेढ़ महीना पहले जेल से बेल पर बाहर आया था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसकी लड़ाई झगडे के मामले में काफी लोगों से रंजिश चल रही है। उसने देसी पिस्तौल करीब 15 दिन पहले इंद्रा कॉलोनी निवासी अपने दोस्त पिंकू पाल से 3 हजार रूपए में खरीदा था।
प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि आरोपी आकाश के खिलाफ थाना चांदनी बाग में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर मंगलवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments