Tuesday, September 1, 2026
Newspaper and Magzine


फेरी वाले से मोबाइल फोन व नकदी छीनने का आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 1, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 01 सितंबर : थाना सनौली पुलिस ने गांव राणा माजरा में फेरी वाले से मोबाइल फोन व नकदी छीनने वाले एक आरोपी को सोमवार शाम को राणा माजरा यमुना बंधा के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गांव राणा माजरा निवासी साहिल उर्फ जालो के रूप में हुई है।

थाना सनौली प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद ने बताया कि थाना सनौली में संजीव पुत्र रणधीर निवासी रूपचंद कॉलोनी उग्राखेड़ी ने शिकायत देकर बताया था कि वह फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता है। उसने अपनी बाइक के पीछे रेहड़ा बनवा रखा है। 23 अगस्त को वह गांव राणा माजरा में राखी बेचने गया था। उसके दोनों बेटे वंश (15) और प्रियांशु (14) भी उसके साथ थे। दोपहर करीब 2:30 बजे वह गांव में फेरी लगा रहा था। इसी दौरान दो युवक एक बाइक पर सवार होकर आए और उसका मोबाइल फोन व जेब में रखे करीब 4,500 रुपये छीनकर फरार हो गए। थाना सनौली में संजीव की शिकायत पर स्नैचिंग की धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने के साथ आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे थे।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद ने बताया कि पुलिस टीम अपने सभी सोर्स सक्रिय कर आरोपियों की धरपकड़ में लगी हुई थी। सोमवार शाम पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि स्नैचिंग की वारदात में शामिल एक आरोपी राणा माजरा यमुना बंधा के पास बाइक पर घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया।
पूछताछ में आरोपी साहिल ने अपने बड़े भाई शाहरूख के साथ मिलकर स्नैचिंग की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया वह और वारदात में शामिल फरार उसका भाई शाहरूख नशा करने के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए दोनों ने मिलकर फेरी वाले से नकदी व मोबाइल फोन छीनने की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया छिना गया मोबाइल फोन उसके भाई शाहरूख ने अपने पास रख लिया था और उसके हिस्से में छिनी गई 4500 रूपए की नकदी आई थी।

पुलिस ने आरोपी साहिल के कब्जे से बची 2500 रूपए की नकदी बरामद कर मंगलवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।

Comments


Leave a Reply