हत्या के मामले में फरार उद्घोषित आरोपी हैदराबाद से गिरफ्तार।
BOL PANIPAT : 29 जनवरी 2024 , पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पीओ स्टाफ पुलिस टीम ने हत्या के मामले में 15 साल से फरार उद्घोषित आरोपी को हैदराबाद से गिरफ्तार किया।
पीओ स्टाफ इंचार्ज सब इंस्पेक्टर छबील ने बताया कि थाना शहर में विजय निवासी ईदगाह कॉलोनी ने सितम्बर 2007 में शिकायत देकर बताया था कि वह असंध रोड पुल के नीचे सब्जी की रेहड़ी लगाता है। उसका 21 वर्षीय बेटा ललित भी रेहड़ी पर सहायता करता था। 6 सितम्बर 2007 को रिक्शा से सब्जियों की थेली उतार रहा था तभी शिवपुरी में सफाई करने वाला संदीप नेपाली वहां से रेहड़ी हटाने के लिए कह रहा था। इस बात को लेकर बेटे ललित व संदीप नेपाली की कहासुनी हो गई। संदीप नेपाली ने ललित को उठाकर जमीन पर पटक दिया। वह बेटे ललित को छुड़वाने लगा तो संदीप नेपाली ने ललित का गला पकड़ कर अपने सिर से काफी टक्कर मारी। कुछ देर बाद ललित ने दम तोड़ दिया। आरोपी संदीप नेपाली शिवपुरी की तरफ भाग गया। विजय कि शिकायत पर थाना शहर में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
सब इंस्पेक्टर छबील ने बताया कि मामले में माननीय न्यायालय द्वारा वर्ष 2008 में आरोपी संदीप नेपाली को पीओ घोषित किये जाने पर थाना शहर में पीओ का अभियोग दर्ज किया था। पीओ स्टाफ की टीम ने बीते वीरवार को मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी संदीप थापा को हैदराबाद से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसने हैदराबाद, दिल्ली व पंजाब में अलग-अलग स्थान पर छुपकर फरारी काटी। थाना शहर पुलिस ने पूछताछ के बाद शुक्रवार को आरोपी संदीप थापा को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments