अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) करनाल रेंज डॉ. एम. रवि किरण आईपीएस ने पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के साथ संत निरंकारी समागम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
-निरंकारी संस्था के को-ऑर्डिनेटर व पुलिस अधिकारियों की समागम स्थल पर बैठक लेकर सुरक्षा संबंधित निर्देश दिए
BOL PANIPAT : 29 अक्तूबर 2025, पानीपत जिला के गांव भोड़वाल माजरी स्थित संत निरंकारी समागम स्थल पर 31 अक्तूबर से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले 78वें समागम समारोह के मध्यनजर सुरक्षा व्यवस्थों के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक(एडीजीपी) करनाल रेंज डॉ. एम. रवि किरण आईपीएस ने पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के साथ बुधवार 29 अक्तूबर को समागम स्थल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को जांचा। उन्होंने इस दौरान निरंकारी संस्था के को-ऑर्डिनेटर व पुलिस अधिकारियों की समागम स्थल पर बैठक ली। जिसमें सुरक्षा के संबंध में विशेष रूप से सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
डॉ. एम. रवि किरण आईपीएस ने कहा कि समागम में श्रद्वालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। समागम में व्यवस्था बनाए रखने में तैनात पुलिस अधिकारी व काे-ऑर्डिनेटर एक दूसरे के साथ मेल जोल बनाकर रखें। समागम स्थल के प्रवेश द्वार पर मुस्तैदी के साथ गहनता से जांच करें। स्थल पर सभी पुलिसकर्मी व समन्वयक आईडी कार्ड लगाकर रखें।
भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन व जीटी रोड स्थित फुट ओवरब्रिज पर क्षमता से ज्यादा संख्या में श्रद्धालुओं को एक साथ प्रवेश न करने दें। सुरक्षा के सभी मानकों की पालना करें। समागम स्थल पर संस्था की और बनाए गए कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से निगरानी रखें।
उन्होंने कहा कि जिला पुलिस की तरफ से समागम स्थल सहित आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। जिस भी अधिकारी कर्मचारी या वालिंटियर की समागम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में ड्यूटी लगी है, वे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएं। सभी का व्यवहार नर्म हो।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि संत निरंकारी समागम स्थल पर एक हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था को संभालेंगे। इनमें 13 डीएसपी व 32 इंस्पेक्टर का नेतृत्व रहेगा। वर्दी के साथ सिविल में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। पुलिस की चार जिप्सी पर एलएमजी मशीनगन लगा दी गई हैं। 50 मचान व 26 मोर्चे बनाए गए है और प्रत्येक पर दो जवान हथियार व दूरबीन से लैस तैनात रहेंगे। 5 पीसीआर व 9 राइडर निरंतर गश्त पर रहेंगी। 4 ब्लाक में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। वाहनों के लिए चार पार्किग बनाई गई हैं। इसके साथ ही समागम स्थल पर बनाए गए कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। पुलिस और समागम कमेटी के मैंबर मिलकर कंट्रोल रूम की व्यवस्था संभालेंगे। वाहन चालक जीटी रोड पर निर्धारित स्टैंड पर ही वाहनों को रोकें। जिससे कि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे और श्रद्धालुओं को भी किसी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े।
इस दौरान समालखा डीएसपी नरेंद्र सिंह, यातायात डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, डीएसपी आत्माराम व संत निरंकारी संस्था से जोगिंद्र सुखीजा, को-ऑर्डिनेटर, रिटायर्ड कर्नल हरविंद्र गुलेरिया इंचार्ज सुरक्षा व काफी संख्या में वालंटियर व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Comments