एडीजीपी करनाल मंडल डॉ. एम रवि किरण ने एसपी भूपेंद्र सिंह के साथ चुलकाना धाम चौकी का रिबन काटकर किया उद्घाटन. श्रद्धालुओं की सुरक्षा होगी और सुदृढ़.
BOL PANIPAT , 22 अप्रैल: चुलकाना धाम स्थित श्याम बाबा ऐतिहासिक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को चुलकाना गांव में नई पुलिस चौकी का उदघाटन किया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक करनाल मंडल डॉ. एम रवि किरण भा.पु.से. ने पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह भा.पु.से. के साथ विधिवत रिबन काटकर चौकी का शुभारंभ किया। श्री श्याम बाबा मंदिर परिसर समिति ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. एम रवि किरण भा.पु.से. और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह भा.पु.से. का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस, श्याम बाबा मंदिर परिसर समिति के सदस्य और काफी संख्या में गांव के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
एडीजीपी करनाल मंडल डॉ. एम रवि किरण भा.पु.से. ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि चुलकाना धाम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना आवश्यक था। नई पुलिस चौकी के शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सकेगा।
एडीजीपी करनाल मंडल डॉ. एम रवि किरण भा.पु.से ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के बीच विश्वास कायम करना भी है।
एसपी भूपेंद्र सिंह भा.पु.से. ने कहा कि पुलिस चौकी का मुख्य उद्देश्य मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि चुलकाना धाम मंदिर न केवल स्थानीय बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों की आस्था का केंद्र है। नई चौकी के माध्यम से पुलिस की सतत निगरानी बनी रहेगी, जिससे असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। चौकी में जल्द ही आसपास के कुछ गांवों को भी शामिल किया जाएगा। सब इंस्पेक्टर अनूप को चौकी प्रभारी नियुक्त कर पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो 24 घंटे क्षेत्र में गश्त और निगरानी करेगा।
मंदिर के प्रधान रोशन लाल व मंदिर प्रबंधन समिति के अन्य सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के इस प्रयास की सराहना की और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई चौकी खुलने से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बेहतर होगा और श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी।

Comments