परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन तैयार: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
नीट व एचसीएस परीक्षा को लेकर सख्त प्रशासनिक तैयारियां, सीसीटीवी – बायोमेट्रिक से होगी निगरानी
डीईओ को बनाया कॉर्डिनेटर और नोडल ऑफिसर
एचसीएस की परीक्षा के लिए कुल 19 केंद्र स्थापित होंगे, लगभग 5520 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
BOL PANIPAT, 17 अप्रैल। हरियाणा में आयोजित होने वाली एचसीएस (एक्स-बीआर) एवं अन्य संबद्ध सेवाओं की प्रारंभिक परीक्षा तथा नीट परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिलों में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा परीक्षा प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि जिले में दोनों परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए। उपायुक्त ने बताया कि एचसीएस की परीक्षा के लिए जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां लगभग 5520 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा एवं निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक सिस्टम और मोबाइल जैमर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा फ्रिस्किंग व बैगेज मैनेजमेंट के लिए अधिकृत एजेंसियों की तैनाती भी की जाएगी।
उपायुक्त डॉ दहिया ने निर्देश दिए कि जिला मुख्यालय पर आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था रहेगी। हर 4 से 5 परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे तथा प्रत्येक केंद्र पर पेपर वितरण के लिए स्टेशन ऑफिसर नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही परीक्षा से पूर्व नोडल अधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित कर सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा के दौरान 26 अप्रैल को अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। पूरे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य परीक्षाओं को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो। इस मौके पर एडीसी अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप कुमार, सीईओ डॉ किरण, डीईओ राकेश बूरा, जिला खजाना अधिकारी हजारा सिंह के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Comments