जिला सचिवालय में सुशासन सप्ताह के तहत किया गया प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम आयोजित।
-सेवानिवृत आईएएस अधिकारी बलबीर सिंह ने उपस्थित ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को अपने अनुभव किए सांझा।
BOL PANIPAT , 23 दिसंबर। जिला सचिवालय में मंगलवार को सुशासन सप्ताह के तहत प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए सेवानिवृत्ति भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी बलबीर सिंह ने उपस्थित ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को कहा कि सभी पंचायत प्रतिनिधि शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण पर विशेष ध्यान देकर गांव के विकास में ध्यान दें क्योंकि सरपंच और पंचायत प्रतिनिधि संवेदनशील होंगे तो सामाजिक ढांचा मजबूत होगा और लोग आर्थिक तौर के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक तौर पर भी स्वस्थ रहेंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की बहुत जरूरत है। शिक्षा से ही सही नागरिक तैयार किया जा सकते हैं। आज परिवारों की गांव में से शहरों की तरफ शिफ्टिंग हो रही है। उसके पीछे शिक्षा ही है क्योंकि हर अभिभावक चाहता है कि उसके बच्चे अच्छी शिक्षा ग्रहण करें। इसीलिए वे शहरों की तरफ जाते हैं। सेवानिवृत आईएएस अधिकारी बलबीर सिंह मलिक ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ गांव के बच्चों में व्यावहारिक ज्ञान भी देना जरूरी है और इसके लिए ज्यादा से ज्यादा जागरूकता अभियान चलाएं। बच्चों को अनुशासन परिवार या स्कूल में सिखाया जा सकता है इसलिए स्कूल की नींव बच्चों से ही मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा,स्वास्थ्य और पर्यावरण इस पर बहुत ध्यान देने की जरूरत है क्योंकि यही आज की मूलभूत सुविधाओं में सबसे प्रथम श्रेणी पर हैं। उन्होंने कहा की लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों की भागीदारी बहुत जरूरी है क्योंकि अगर हम लोगों को साथ लेकर चलेंगे तो कोई भी मंजिल पाने में आसानी रहेगी। उन्होंने कहा कि गांव में सफाई के लिए भी लोगों की सहभागिता जरूरी है। सरपंच बिना किसी लाग लपेट और बिना किसी भेदभाव के न्याय संगत रहें। सभी को साथ लेकर चलें। तभी विकास संभव है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रशासन गांव की ओर एक अच्छी पहल की गई है ताकि लोगों को उनके घर पर ही योजनाओं की सुविधा मिल सके। सभी अधिकारी और कर्मचारी मिलकर इन योजनाओं को आगे बढ़ाएं।
इस मौके पर उपमंडल अधिकारी (नागरिक) मनदीप कुमार ने जिला प्रशासन की ओर से स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉक्टर रजत और डॉक्टर अरुण शर्मा, कृषि विभाग की ओर से डॉक्टर देवेंद्र सिंह और महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिला समन्वयक प्रीति ने विभाग की ओर से सुशासन के तहत किए गए कार्यों का उल्लेख किया। कार्यक्रम में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश कुमार ने सभी का धन्यवाद किया। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ विजय मलिक, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी परमिंदर कौर बीडीपीओ शक्ति सिंह,शिक्षा विभाग की ओर से जिला कॉर्डिनेटर संदीप कुमार इत्यादि भी उपस्थित रहे।

Comments