Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


प्रशासन पर्यावरण संरक्षण और जल गुणवत्ता सुधार पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा: उपायुक्त डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 4, 2025 Tags: , , , ,





-ड्रेन नंबर-2 की सफाई और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर उपायुक्त की सख्त चेतावनी

-पर्यावरण संरक्षण हमारी प्राथमिकता, सभी विभाग करें गंभीरता से काम

-73 बिंदु चिन्हित, विभागों को समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश

-जिम्मेदारी से कार्य ना करने वाले अधिकारियों और उद्योग संचालकों पर होगी सख्त कार्यवाही

BOL PANIPAT , 4 नवंबर। जिला सचिवालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया की अध्यक्षता में यमुना एक्शन प्लान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले से होकर गुजरने वाले ड्रेन नंबर-1 और ड्रेन नंबर-2 में गिर रहे औद्योगिक अपशिष्ट तथा गंदे पानी के निस्तारण पर विशेष चर्चा हुई।

    उपायुक्त डॉ दहिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यमुना को स्वच्छ बनाना केवल एक प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। पर्यावरण संरक्षण हमारी प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग गंभीरता से काम करें।

  उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि जिले में कुल 73 प्रदूषण बिंदु (डिस्चार्ज पॉइंट) चिन्हित किए हैं, जहां से नालों में गंदा पानी जा रहा है। डीसी दहिया ने संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में सभी बिंदुओं को टैप (सील) करने के आदेश दिए, ताकि कोई भी गंदा पानी यमुना में न पहुंचे।

    उपायुक्त ने कहा कि ड्रेन नंबर-2 की सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि ड्रेन में जमा गाद और अपशिष्ट को हटाकर जल का प्रवाह सुचारू किया जाए। उन्होंने कहा कि यमुना में जाने वाला हर बूंद साफ होनी चाहिए, इसके लिए जमीन पर दिखने वाला बदलाव लाया जाए।

    उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि यह भी सामने आया है कि कुछ उद्योग टैंकरों के माध्यम से ड्रेनों में अपशिष्ट गिरा रहे हैं। इस पर उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि सभी चेकप्वाइंट्स पर पुलिस बल तैनात किया जाए और किसी भी स्थिति में ऐसे टैंकरों को ड्रेन में डिस्चार्ज की अनुमति न दी जाए।

  उपायुक्त डॉ दहिया ने हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को आदेश दिए कि वे खोजकीपुर क्षेत्र से पानी के सैंपल एकत्र करें और रिपोर्ट मुख्य अभियंता, नगर निगम  के साथ साझा करें ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

  उपायुक्त ने बैठक में दो टूक कहा कि प्रशासन पर्यावरण संरक्षण और जल गुणवत्ता सुधार पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा, ड्रेनों को स्वच्छ रखना और यमुना की गुणवत्ता में सुधार लाना हमारी प्रतिबद्धता है। इसके लिए हर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाए। इस मौके पर निगम आयुक्त डॉ पंकज, डीएसपी सतीश वत्स, निगम चीफ इंजीनियर रमेश बागड़ी, आर ओ भूपेंद्र चहल के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Comments