समकालीन राजनीतिक विषयों पर विश्लेषणात्मक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी. (पीजी) कॉलेज, पानीपत के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा एम.ए. राजनीति विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए “सहकारी एवं प्रतिस्पर्धात्मक संघवाद”तथा “शास्त्रीय गैर-हस्तक्षेप और आधुनिक राज्य-समर्थित अवसरों का तुलनात्मक अध्ययन”जैसे समकालीन राजनीतिक विषयों पर आधारित विश्लेषणात्मक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में आलोचनात्मक सोच, तार्किक क्षमता तथा वैचारिक समझ को सुदृढ़ करना था।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक एवं ज्ञान-आधारित युग में विद्यार्थियों के लिए केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसे अकादमिक मंचों के माध्यम से उन्हें अपने विचारों को स्पष्ट, संतुलित और प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित इस गतिविधि की सराहना करते हुए बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियाँ निरंतर आयोजित की जाती रहेंगी, जिससे विद्यार्थियों में अनुसंधान प्रवृत्ति, विश्लेषणात्मक दृष्टि और बौद्धिक परिपक्वता का विकास हो सके।
कार्यक्रम के महत्व को रेखांकित करते हुए कॉलेज की उप-प्राचार्या एवं राजनीति विज्ञान की विभागाध्यक्षा डॉ. किरण मदान ने बताया कि इस प्रकार की शैक्षणिक एवं बौद्धिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के समग्र शैक्षणिक विकास में विशेष भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि विश्लेषणात्मक लेखन न केवल विद्यार्थियों की सोचने-समझने की क्षमता को सुदृढ़ करता है, बल्कि उन्हें राजनीतिक, सामाजिक एवं समकालीन मुद्दों को तार्किक एवं आलोचनात्मक दृष्टिकोण से समझने में भी सक्षम बनाता है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए समकालीन राजनीतिक अवधारणाओं के साथ- साथ सहकारी एवं प्रतिस्पर्धात्मक संघवाद तथा शास्त्रीय गैर-हस्तक्षेप की अवधारणा और आधुनिक राज्य-समर्थित अवसरों की तुलना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने अपने लेखन में राजनीतिक सिद्धांतों से संबंधित व्यावहारिक उदाहरणों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हर्षिता (एम.ए. द्वितीय वर्ष), द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से मनीष (एम.ए. प्रथम वर्ष) एवं दीक्षा (एम.ए. द्वितीय वर्ष) तथा तृतीय स्थान तरन्नुम (एम.ए. प्रथम वर्ष) ने प्राप्त किया इसके साथ ही एम.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा शिवांगी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में राजनीति विज्ञान विभाग से प्रो .खुशबू, प्रो. राहुल कुमार, प्रो. पूजा एवं प्रो. कुलदीप शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Comments