Thursday, August 6, 2026
Newspaper and Magzine


नियमितीकरण की मांग को लेकर पार्ट-टू व हारट्रोन कर्मचारियों में रोष

By LALIT SHARMA , in SOCIAL , at August 6, 2026 Tags: , , ,

कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान काली पट्टी लगाकर दर्ज कराया सांकेतिक विरोध

आगामी 11 अगस्त को पंचकूला में होगा शांतिपूर्ण प्रदर्शन

BOL PANIPAT , 6 अगस्त। हरियाणा के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्सिंग पॉलिसी पार्ट-टू व हारट्रोन के तहत कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी सेवाओं के नियमितीकरण की मांग को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की है। पार्ट टू कर्मचारियों के राज्य प्रधान दिनेश कुमार व हरियाणा आईटी प्रोफेशनल वेलफेयर एसोसिएशन के राज्य प्रधान विरेंद्र ढांडा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इसी क्रम में विगत 5 अगस्त बुधवार को कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान काली पट्टी लगाकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया और सरकार से उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए नियमितीकरण नीति बनाने की मांग की।

कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से विभिन्न सरकारी विभागों में सेवाएं दे रहे हैं और विभागों के नियमित कार्यों एवं जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सेवाओं को नियमित करने के संबंध में ठोस निर्णय नहीं लिए जाने के कारण कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

कर्मचारियों ने अब आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसी के तहत 11 अगस्त को सेक्टर-5, पंचकूला में प्रदेशभर के पार्ट-टू व हारट्रोन कर्मचारी एकत्रित होकर सरकार के समक्ष अपनी नियमितीकरण की मांग को मजबूती से उठाएंगे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि सरकार उनके लंबे सेवाकाल, कार्य अनुभव और सरकारी विभागों में निरंतर दी जा रही सेवाओं को ध्यान में रखते हुए एक स्पष्ट, न्यायसंगत एवं कर्मचारी हितैषी नियमितीकरण नीति तैयार करे, जिससे हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।

कर्मचारियों ने सरकार से अपील की है कि उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए समय रहते सकारात्मक निर्णय लिया जाए। साथ ही प्रदेशभर के संबंधित कर्मचारियों से आह्वान किया गया है कि वे 11 अगस्त मंगलवार को सैक्टर 5, पंचकूला पहुंचकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से नियमितीकरण की मांग को एकजुट होकर सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर करेंगे और अपना अधिकार नियमितीकरण लेकर रहेंगे।

Comments


Leave a Reply